बदमाशों ने एक किसान की साइकिल को टक्कर मारकर 60 हजार रुपये लूट लिये। शोर मचाने पर एक बदमाश को लोगों ने दबोच लिया। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है।
सोमवार को दो बजे टांडा उज्जैन स्थित दड़ियाल प्राइवेट बस अड्डे पर बदमाश एक राइस मिल में गेहूं बेचने आए एक व्यापारी नाजिर हुसैन पुत्र वाजिद हुसैन निवासी बहेड़ी मझरापत्ते थाना बहेड़ी (बरेली) को तमंचा दिखाकर उससे 60 हजार रुपये लूट कर फरार हो गया। सुबह नाजिर हुसैन व उसका साथी मुशर्रफ ट्रैक्टर ट्राली में गेहूं भरकर दड़ियाल मार्ग पर स्थित एक राइस मिल बेचने आए थे। गेहूं का 1 लाख 60 हजार रुपए में सौदा हुआ। राइस मिलर्स ने नाजिर हुसैन को 1 लाख 60 हजार का चैक दे दिया। नाजिर और उसके साथी मुशर्रफ ने नगर स्थित एक बैंक से चैक कैश कराया। नाजिर 1 लाख रुपया पेंट की अंदर की जेब में और 60 हजार बाहर की जेब में रख कर वापस ट्रैक्टर-ट्राली के पास दड़ियाल प्राइवेट बस अड्डा पर पहुंचा। तभी एक साइकिल सवार ने नाजिर हुसैन को साइकिल से टक्कर मार दी जिससे वह लड़खड़ा गया। इसी बीच एक युवक तमंचा दिखाकर नाजिर की जेब से 60 हजार रुपया लूटकर तमंचा लहराते हुए भाग गया। नगर निगम के पार्षद मित्तू पांडे और नाजिर हुसैन व उसके साथी ने साइकिल सवार को दबोच कर पुलिस के हवाले कर दिया। उधर नाजिर के साथ हुई लूट की घटना की खबर पाते ही उसके गांव से तकरीबन एक दर्जन लोग काशीपुर पहुंच गए। समाचार लिखे जाने तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी। पुलिस फरार बदमाश की तलाश कर रही है।