लंबे समय से सर्विस टैक्स की चोरी कर रहे अटरिया रोड स्थित मैन पावर सप्लाई करने वाले एसकेएलओ फर्म में सेंटर एक्साइज एंड इंटेलिजेंस की टीम ने छापामार कार्रवाई की। इस दौरान टीम को विरोध का भी सामना करना पड़ा। बाद में सूचना पर पुलिस फोर्स के पहुंचने पर टीम ने फर्म से आवश्यक दस्तावेज कब्जे में लिया। बताया जा रहा है कि फर्म से करीब तीन करोड़ रुपए की कर चोरी पकड़ी गई है। फिलहाल और दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
अटरिया रोड पर मैन पावर सप्लाई करने वाली एसकेएलओ फर्म का कार्यालय है। बताया जा रहा है कि एसकेएलओ फर्म लंबे समय से सर्विस टैक्स की चोरी कर रहा था। जिसकी शिकायत पर केंद्रीय सेवाकर एवं उत्पाद शुल्क विभाग की खुफिया टीम के अधिकारियों ने छापामार कार्रवाई की। कार्रवाई सुबह 10 बजे से शुरू हुई। सेंटर एक्साइज की कार्रवाई से एसकेएलओ फर्म कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। इस दौरान उन्होंने छापा मारने पहुंची टीम का विरोध भी किया। जिस पर टीम ने पुलिस अधिकारियों से संपर्क कर पुलिस लाइन से पुलिस कर्मियों को बुलाया। पुलिस कर्मियों को देख एसकेएलओ फर्म में काम करने वाले कर्मचारी मौके से खिसकने लगे। एक्साइज टीम ने पुलिस की मदद से कार्रवाई करते हुए कंप्यूटर के साथ ही अन्य दस्तावेज खंगाले। बाद में टीम ने कुछ जरूरी दस्तावेजों के साथ ही कंप्यूटर और हार्ड डिस्क भी कब्जे में ले लिए। एसकेएलओ फर्म में हुई छापेमारी में प्रथम दृष्टया तीन करोड़ रुपए की कर चोरी पकड़ी गई है। सूत्रों के मुताबिक इनमें से करीब 25 लाख रुपए एसकेएलओ डायरेक्टर ने तत्काल जमा कर दिए हैं।
इधर सूत्राें के मुताबिक टीम ने फुलसुंगी स्थित एक फर्म में और छापामार कार्रवाई की। वहां से भी करोड़ों रुपए की कर चोरी की संभावना जताई जा रही है। जांच को टीम ने आवश्यक दस्तावेज कब्जे में लिए गए हैं। टीम में असिस्टेंट डायरेक्टर डीजीसीआई अनिल कुमार मिश्रा, वरिष्ठ अवसूचना अधिकारी सत्येंद्र कुमार, अजय भसीन आदि शामिल थे।