सुरिन कंपनी में धमाके के साथ बेकिंग ओवन का बर्नर फटने से एक श्रमिक की मौत और आठ के घायल होने के मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने फैक्ट्री में बेकिंग ओवन के हॉल को सीज कर दिया है।
फायर ब्रिगेड से फैक्ट्री में अग्निशमन से संबंधित उपकरण थे या नहीं, इसकी जांच रिपोर्ट मांगी गई है। साथ ही सिडकुल के टेक्निकल डिपार्टमेंट को भी घटना की जांच के लिए पत्र लिखा है।
सिडकुल की सुरिन ऑटोमोटिव प्राइवेट कंपनी में आठ जुलाई को बेकिंग ओवन का बर्नर फट गया था। जिसमें नौ श्रमिक घायल हो गए थे।
घायलों में माधोपुर अमरिया जिला पीलीभीत निवासी रमेश चंद्र ने बृहस्पतिवार को इलाज के लिए दिल्ली ले जाते रास्ते में दम तोड़ दिया था।
विवेचना अधिकारी एसएसआई केपी टम्टा ने बताया कि घटनास्थल को सीज कर दिया गया है। अग्निशमन विभाग ने 10 अप्रैल को फैक्ट्री को एक साल के लिए एनओसी जारी की थी।
जिसके तहत विवेचना अधिकारी ने अग्निशमन अधिकारी से घटनास्थल का निरीक्षण कर फैक्ट्री में अग्निशमन के उपकरण थे या नहीं, इसकी रिपोर्ट मांगी।
विवेचना अधिकारी टम्टा ने बताया कि सिडकुल के टेक्निकल डिपार्टमेंट से तकनीकी मुआयना कर मामले की रिपोर्ट देने को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद ही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।