पुलिस ने लंबे समय से वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे अंतर्राज्यीय गिरोह के 7 सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की दो कारें और एक दर्जन दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। पकड़े गए वाहन चोरों में चार रुद्रपुर और तीन बरेली के हैं।
जनपद में बढ़ रही वाहन चोरियों के खुलासे के लिए एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम पिछले कई दिनों से वाहन चोर गिरोह की तलाश में थी। रविवार देर शाम पुलिस टीम ने फौजी मटकोटा के पॉपुलर के खेत में छापा मारा जहां वाहन चोर गिरोह के सात सदस्यों को चोरी के वाहनों को बेचने की योजना बनाते हुए दबोच लिया।
पकड़े गए वाहन चोरों में फतेहगंज पूर्वी बरेली निवासी जगदीश यादव पुत्र राम भरोसे, मूल रूप से प्रकाशपुरी दिल्ली और हाल एलायंस कालोनी निवासी नाजिम खां पुत्र तालिब, शीशगढ़ बरेली निवासी नितिन शर्मा पुत्र राम बहादुर, प्रवेश पुत्र जगपाल, भदईपुरा निवासी पवन गंगवार पुत्र परमेश्वर गंगवार, आवास विकास निवासी सत्य नारायण पुत्र सुमेर और भदईपुरा निवासी वीरेंद्र गंगवार पुत्र बल्लभ गंगवार आदि शामिल हैं।
कोतवाली में खुलासा करते हुए एसएसपी अनंत शंकर ताकवाले ने पत्रकारों को बताया कि पकड़े गए वाहन चोर अंतर्राज्यीय स्तर पर वाहन चोरियों को अंजाम दे रहे थे। उनके कब्जे से चोरी की 12 बाइकें, एक सेंट्रो और एक बोलेरो बरामद की गई है। बरामद हुई बिना नंबर की सेंट्रो कार नाजिम ने दिल्ली से चुराई थी। इसके अलावा एक बिना नंबर की अपाचे बाइक बरामद हुई जिस पर पुलिस का स्टीकर लगाकर एक वाहन चोर पिछले काफी समय से चला रहा था।
इसके अलावा वाहन चोरों से बरामद वाहनों में 11 बाइक और एक स्कूटी शामिल हैं। एसएसपी ने बताया कि सातों वाहन चोर लंबे अरसे से वाहन चोरी में संलिप्त थे। इस गैंग में शामिल पवन गंगवार रुद्रपुर व आस-पास के क्षेत्रों से वाहन चोरी करवाने में अपनी विशेष भूमिका निभा रहा था। बरामद वाहनों में तीन वाहन रुद्रपुर और पंतनगर के हैं। जबकि अन्य के बारे में अभी जांच की जा रही है।
दस वर्षों में सबसे बड़ा खुलासा
एक अरसे से पुलिस की नाक में दम कर रहे वाहन चोरों को पकड़ने में पुलिस ने पिछले दस वर्षों में सबसे बड़ी सफलता हासिल की है। पिछले कई वर्षों में इससे पहले इतनी बड़ी संख्या में न तो एक साथ वाहन चोरों की गिरफ्तारी हुई और न ही इतनी बड़ी संख्या में एक साथ वाहन बरामद हुए। अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह के सदस्यों की गिरफ्तारी को पुलिस बड़ी उपलिब्ध मान रही है।इस सफलता पर पुलिस टीम को डीआईजी ने 5हजार, एसएसपी ने ढाई हजार और एएसपी ने 1500 रूपए इनाम देने की घोषणा की है। टीम में कोतवाल जेसी पाठक,एसएसआई दौलत राम वर्मा, एसआई कमलेश भट्ट, विनोद सिंह, विरेंद्र रमोला, एचसीपी प्रभाकर उपाध्याय, मोहन सिंह, संजय चौहान, जगदीश सिंह, दिनेश ध्यानी, दीवान सिंह, शंकर देवडृृ, हरिकृष्ण सिंह आदि शामिल हैं।
15 वर्ष तक प्रधान रह चुका है जगदीश
पुलिस के हत्थे चढ़ा वाहन चोर फतेह गंज पूर्वी जिला बरेली निवासी जगदीश यादव 15 वर्ष तक अपने गांव का प्रधान रह चुका है। प्रधानी छूटने के बाद उसने वाहन चोर गिरोह में शामिल होकर अपराध की दुनिया में कदम रख लिया।
वाहन चोरी रोकने को जीपीएस सिस्टम होगा अनिवार्य
एसएसपी अनंत शंकर ताकवाले ने बताया जिले में वाहन चोरी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस कुछ विशेष कदम उठाने जा रही है। उन्होंने बताया कि वाहन चोरी रोकने के लिए चार पहिया वाहनों पर जीपीएस सिस्टम अनिवार्य किए जाने के लिए शीघ्र ही एआरटीओ के साथ बैठक की जाएगी। उन्होंने कहा कि वाहन चोरी पर नियंत्रण के लिए मॉल एवं अन्य बड़े व्यवसायिक प्रतिष्ठानों व पार्किंग स्थलों पर सीसी टीवी लगाना भी अनिवार्य किया जाएगा। एसएसपी ने कहा घरों से वाहन चोरी रोकने के लिए वाहन चालकों को वाहनों पर जैमर लगाने के लिए भी कहा जाएगा।
उन्होंने कहा कि संदिग्ध लोगों को किराए पर रखकर उनका सत्यापन नहीं कराने वाले मकान मालिकों पर जुर्माने की कार्रवाई के लिए अब प्रत्येक रविवार को सुबह पांच बजे से सात बजे तक अभियान चलाया जाएगा। एसएसपी ने कहा कि किराएदारों का सत्यापन कराना अनिवार्य है इसमें कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।