फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

किच्छा में राइस मिलर के घर पर लाखों की डकैती

Tue, 27 Sep 2016 11:57 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, ऊधमसिंह नगर
विज्ञापन
डकैती - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
होंडा सिटी कार में आए आठ हथियारबंद बदमाशों ने मंगलवार तड़के नगर की पुरानी मंडी स्थित राइस मिलर घनश्याम दास अग्रवाल के घर में डकैती डाली। इनकम टैक्स की रेड पड़ने की बात कहकर घर में घुसे बदमाशों ने परिवार के सभी सदस्यों को बंधक बनाकर लाखों के जेवरात और नगदी लूट ली। 
विज्ञापन


एसएसपी सेंथिल अबुदई, एएसपी पंकज भट्ट, एएसपी क्राइम टीडी वैला समेत पुलिस के तमाम उच्चाधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दो बदमाशों के स्केच बनवाकर जारी किए हैं। देर शाम रूद्रपुर विधायक राजकुमार ठुकराल की अगुआई में कोतवाली पहुंचे पीड़ित परिवार के लोगों ने तहरीर दी। देर शाम घनश्यामदास अग्रवाल के पुत्र मुकेश ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि डकैत 1.5 किलोग्राम सोना, 10 किग्रा चांदी, दो हीरों की अंगूठी कीमत दो लाख और 11 लाख नगदी समेत 65 लाख का माल समेट ले गए हैं।

राइस मिलर लाला घनश्याम दास अग्रवाल का पुरानी अनाज मंडी में घर है। मंगलवार तड़के सवा छह बजे परिवार के लोग सो रहे थे। अग्रवाल की पत्नी दुर्गा देवी नहाने के बाद रसोई में थीं। इस दौरान दो युवक घर के अंदर आ गए। दोनों ने आते ही अपने आप को इनकम टैक्स आफिसर बताते हुए घर में रेड डालने की बात कही। बाद में छह और युवकों ने अंदर घुसकर उनके पुत्र मुकेश, पत्नी सुमन, अंकेश व उसकी पत्नी दीपा को तमंचों के बल पर घनश्याम दास के कमरे में बंद कर दिया। बदमाश सभी से नगदी और जेवरातों की जानकारी मांग रहे थे। बाद में बदमाश सभी को लेकर बाथरूम की ओर ले गये और अंदर बंद कर दिया। 
विज्ञापन


बाथरूम में बंद करने के बाद लुटेरों ने घर के सभी कमरों के अंदर रखे सामान को खंगाल डाला। बदमाशों ने घर की सभी अलमारियों और दीवान को खोलकर कीमती सामान निकाल लिया और फरार हो गए। बदमाश चार मोबाइल भी ले लिए हैं। बाथरूम में घंटा भर बंद रहने के बाद सहमे मुकेश व अंकेश ने किसी तरह दरवाजा खोला और बाहर आकर लोगों को डकैती की जानकारी दी। दिनदहाड़े डकैती की सूचना पर एसएसपी सेंथिल अबुदई, एएसपी पंकज भट्ट, एएसपी क्राइम टीडी वैैला, कोतवाल पंकज कुमार उप्रेती, एसएसआई प्रवीन सिंह, पुलभट्टा थानाध्यक्ष हरेंद्र चौधरी घटनास्थल पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। 

सीसीटीवी में दिखी होंडा सिटी कार
लाला घनश्यामदास अग्रवाल के घर डकैती की घटना को अंजाम देने आए बदमाशों ने घटना में होंडा सिटी पुराने माडल की कार का इस्तेमाल किया था। यह अनुमान पुलिस ने मंडी में बैठे लोगों से पूछताछ के बाद लगाया। डकैती की घटना के समय मंडी में गुरुद्वारे के सामने एक होंडा सिटी कार खड़ी थी। जो घटना के बाद सुबह 7 बजकर 4 मिनट पर आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज में आई है। यह कार घटना के तुरंत बाद नगर की ओर चली गई।

फॉरेंसिक विशेषज्ञ ने लिए फिंगर प्रिंट
किच्छा। पुरानी मंडी में डकैती की घटना के बाद फॉरेसिंक विशेषज्ञ डा. दयाल शरण की अगुवाई में टीम पहुंची और कमरों में जगह-जगह से फिंगर प्रिंट लिए। घनश्याम दास पूर्व चेयरमैन सुरेश अग्रवाल के चचेरे भाई हैं। डकैती की खबर पर विधायक राजेश शुक्ला, पालिकाध्यक्ष महेंद्र चावला, पुष्कर राज जैन, बबलू चौधरी, राम बाबू, रामनिवास जैन, गिरधारी गोयल, ठाकुर दास सुखीजा, विनोद फुटेला, अमर सिंह समेत बड़ी तादाद में व्यापारी उनके घर पहुंचे। 

एक बदमाश बाइक स्टार्ट किए बाहर खड़ा रहा
घनश्याम दास अग्रवाल के घर से बीस तीस फीट की दूरी पर भगवत अग्रवाल की किराने की दुकान है। उन्होंने बताया कि वह सुबह लगभग साढ़े छह बजे अपनी दुकान पर आये तो दुकान के सामने स्टार्ट बाइक पर सवार एक युवक अपने मोबाइल पर बात कर रहा था। जब उन्होंने अपनी दुकान का शटर खुलवाने के लिये एक व्यक्ति को आवाज दी तो वह चला गया। अनुमान लगाया जा रहा है कि बदमाशों ने अग्रवाल के घर के बाहर सभी रास्तों पर बदमाश खड़े थे जो हर गतिविधि पर निगाह रखे थे। इससे साफ लगता है कि बदमाश कई दिनों से इस घर की रेकी कर रहे थे। 

बदमाश गया दूध लेने
बदमाश जब अग्रवाल के घर पर लूटपाट कर रहे थे। इस बीच उनके घर पर दूध देने दूधिया आया और वेल बजाई। बदमाशों के पूछने पर कि कौन है तो उसने बताया कि दूध वाला हूं। इस पर एक बदमाश गया और बाहर आए बच्चे दूधिये से दूध की कैन लेकर रसोई में रख दी। 

पल्लेदारों को बदमाशों पर हो गया था शक 
पुरानी अनाज मंडी में डकैती के दौरान अपने घरों के बाहर बैठे कुछ पल्लेदारों ने अगर थोड़ी सी समझदारी दिखाई होती तो बदमाश धरे जाते। पुरानी मंडी निवासी रामभरोसे ने बताया कि वह अपने भतीजे बंता के साथ गुरुद्वारे के सामने पाकड़ के पेड़ के नीचे बैठा था। इस दौरान सामने कार खड़ी थी। कार के अंदर से निकले एक व्यक्ति ने उससे बीड़ी मांगी तो उसने मना कर दिया। बीड़ी मांगने वाले व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर जब वे पांच छह पल्लेदारों के साथ लाला के घर की ओर गए तो उन्होंने समझा कि ये लोग कोई रिश्तेदार हैं। इस पर सभी लोग वापस लौट आए। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें