रोडवेज बस की चपेट में आकर छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद बस चालक और परिचालक बस को छोड़कर फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने बस थाने ले आयी। वहीं छात्रा के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए रुद्रपुर भेज दिया। दुर्घटना की सूचना मौके पर पहुंचे छात्रा के परिजनों में कोहराम मच गया। छात्रा की मां ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम रोशनपुर दोपुलिया निवासी सुरेश चंद की पुत्री प्रियांशु गौतम (20) अपनी सहेली चंदा के साथ रुद्रपुर डिग्री कॉलेज से बीए अंतिम वर्ष की परीक्षा देकर काठगोदाम डिपो की बस (यूके07पीए-1081) से गदरपुर आ रही थी। गदरपुर में अस्पताल के पास उन्होंने उतरने के लिए बस रोकी। चंदा के बस से उतरने के बाद प्रियांशु उतर रही थी कि चालक ने बस चला दी। इससे वह सड़क पर गिर गई और बस का पिछला पहिया उसके ऊपर से गुजर गया। इससे प्रियांशु की मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना को देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और लोगों के आते देख चालक और परिचालक बस छोड़कर फरार हो गए। दुर्घटना के बाद सड़क के दोनों तरफ जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए परिजनों को सूचना दी। सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। मृत छात्रा की मां शांतिदेवी ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। छात्रा की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।