पुलिस ने धार्मिक स्थल पर हुए बम विस्फोट डेमो किया। इस दौरान पुलिस पर पथराव के बाद लाठीचार्ज और फायरिंग करने की रिहर्सल की गई।
रविवार की सुबह 11 बजे एक धार्मिक स्थल पर बम विस्फोट किया गया। आक्रोशित लोग धार्मिक स्थल के आसपास एकत्र हो गए और हंगामा काटने लगे। उपद्रवी थाने की ओर जाने लगे। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आक्रोशित लोगाें का पुलिस से हाथापाई तक हो गई। उन्होंने पुलिस पर पथराव भी किया। पुलिस अधिकारियों के आदेश पर उपद्रवियों पर पानी की बौछार के साथ ही आंसू गैस फेंके गए। पुलिस ने उपद्रवियों पर लाठीचार्ज के साथ ही फायरिंग भी की। यह शहर में हुए दंगे का नजारा नहीं थी बल्कि पुलिस का दंगों से निपटने के लिए किया गया डेमो था। इस दौरान एसएसपी नीलेश आनंद भरणे, एएसपी काशीपुर कमलेश उपाध्याय, सीओ बाजपुर राजीव मोहन, सीओ खटीमा उत्तम सिंह नेगी, सीओ काशीपुर प्रकाश कुमार, सीएफओ एनएस कुंवर, आरआई जेसी पाठक, कोतवाल बाजपुर ओम प्रकाश, कोतवाल किच्छा बीएल विश्वकर्मा, थानाध्यक्ष पंतनगर विक्रम राठौर, सिडकुल चौकी इंचार्ज एमपी सिंह, थानाध्यक्ष ट्रांजिट कैंप सुशील कुमार, थानाध्यक्ष नानकमत्ता कविंद्र शर्मा आदि मौजूद थे।