पुलिस ने अंतरराज्यीय आटोलिफ्टर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। उनके कब्जे से चोरी की छह बाइकें बरामद हुई हैं। पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। रविवार को गैंग के बारे में पुलिस खुलासा करेगी। जानकारी के अनुसार शनिवार को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर दड़ियाल ल रोड स्थित नेहा गैस एजेंसी के पास वाहन चेकिंग की। इसी बीच एक बाइक पर सवार तीन संदिग्धों को पुलिस ने रोका तो वे सकपका गए। कड़ी पूछताछ में तीनों ने बाइक चोरी की होना स्वीकार किया। उन्होंने हरजीत सिंह, फूल सिंह भोगपुर बिजनौर और तेजा सिंह ग्राम भोगपुर खादर बिजनौर बताया। पुलिस ने तीनों की निशानदेही पर छिपाकर रखी गई चोरी की पांच बाइकें बरामद की हैं। पकड़े गए आरोपी फूल सिंह दूसरे आरोपी हरजीत सिंह का मामा है। तीसरा आरोपी तेज सिंह हरजीत की बुआ का लड़का है। विश्वस्त सूत्रों ने बताया कि आईटीआई पुलिस की तरफ से शुक्रवार को जेल भेजे गए दो बाइक चोरों में से एक गुरजीत सिंह के तीनों आरोपी दोस्त हैं। ये गैंग यूएसनगर, नैनीताल के साथ ही पश्चिमी यूपी, हरियाणा और दिल्ली में बाइक चोरी करता था। चोरी की बाइक बिजनौर जिले के देहात क्षेत्रों में बेची जाती थी। शनिवार को पकडी गई बाइकें भी आरोपी बेचने के लिए बिजनौर ले जाने की तैयारी में थे।
चार बाइकों की हुई तस्दीक
काशीपुर। पुलिस ने बरामद छह में से चार बाइकों की तस्दीक कर ली है। एक बाइक बीते साल पीरुमदारा रामनगर से चुराई गई है। एक बाइक काशीपुर, एक नगीना और एक डिलारी मुरादाबाद से चोरी की गई है। पुलिस ने बाकी दो बाइकों के मालिकों का भी पता लगा लिया है। लेकिन उनकी तस्दीक पुलिस कर रही है।
गुरजीत के पकड़े जाने से मिला सुराग
काशीपुर। आईटीआई थाना पुलिस की तरफ से जेल भेजे गए आटोलिफ्टरों से खासा सुराग हाथ लगा था। गिरोह में शामिल गुरजीत के संपर्क बिजनौर के आटोलिफ्टरों से होने की बात प्रकाश में आई थी। जिसके बाद से ही पुलिस गैंग को ट्रेस करने में जुट गई थी। एसएसपी ने स्पेशल टीम को लगाया था और टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर छह बाइकें भी बरामद कर डाली।