गोरखा नाले के पार जंगल में सोमवार देर शाम नवविवाहिता का शव मिलने के मामले में पुलिस अब तक किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंची है। मामले में मृतका के पति का कहना है कि नवविवाहिता को ब्लड कैंसर था और उसका दिल्ली से इलाज चल रहा था। कहा कि करीब डेढ़ माह पहले ही वह पत्नी को घर लाया था। इधर, नवविवाहिता के मायके वालों ने 10 दिन पूर्व पिथौरागढ़ में एसपी को ज्ञापन सौंपकर विवाहिता की हत्या की आशंका जताई थी।
सोमवार देर शाम पिंकी (23) का शव मिलने के बाद मंगलवार को मृतका के शव का पोस्टमार्टम किया गया। चिकित्सक डॉ. केसी पंत ने बताया कि शव के सड़े होने के कारण बिसरा जांच के लिए रुद्रपुर लैब भेजा जा रहा है। इसके बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
खबर लिखे जाने तक मायके पक्ष के लोग नहीं पहुंचे थे। इधर, पूछताछ में मृतका के पति नीरज पार्की (28) ने बताया कि वह दिल्ली के रघुवीर नगर खोड़ा कॉलोनी के पास एक पनीर की दुकान में नौकरी करता था। कुछ वर्ष पहले उसका पिंकी से प्रेम प्रसंग हो गया। फिर जब दोनों दिल्ली में मिले तो उसे पता चला की पिंकी को ब्लड कैंसर है। इस पर उसने पिंकी का कैंसर इंस्टीट्यूट में इलाज कराया।
इस बीच प्यार परवान चढ़ा तो एमए पास पिंकी और 12वीं पास नीरज ने 22 नवंबर 2017 को पिथौरागढ़ चमाली डुंगरी में शादी कर ली। शादी के बाद दोनों दिल्ली चले गए। तीन माह पहले नीरज की नौकरी छूट गई और करीब डेढ़ माह पहले दोनों पचौरिया नई बस्ती स्थित अपने घर आ गए। नीरज के मुताबिक पिंकी के लापता होने के बाद मायके पक्ष के लोगों ने दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया और इस बाबत चकरपुर भी आए थे।
नवविवाहिता के ससुरालियों का कहना है कि उन्होंने आठ अगस्त को ही पिंकी की गुमशुदगी की तहरीर दी थी, लेकिन गुमशुदगी 18 अगस्त को दर्ज हुई। कहा अगर पिंकी की तलाश तेजी से होती तो सुराग पहले ही लग सकता था। इधर, एसएसआई देवेंद्र गौरव ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने पर ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
मायके वालों ने जताया हत्या का शक
खटीमा। चमाली डुंगरी निवासी मृतका के भाई जीवन प्रसाद पुत्र विरेंद्र प्रसाद ने 10 अगस्त को पिथौरागढ़ एसपी कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर बहन की हत्या का शक जताया था। इसमें आरोप लगाया गया कि उन्होंने शादी में हैसियत के अनुसार दहेज दिया था, लेकिन ससुराली अकसर पिंकी से दहेज को लेकर मारपीट करते थे। आरोप है कि बहन के लापता होने की सूचना पर जब वह चार अगस्त को पचौरिया गया तो ससुरालियों ने उसका घेरकर धमकी दी। वह किसी तरह जान बचाकर वहां से भागा।
बैग से नहीं मिला कोई सुसाइड नोट
खटीमा। मृतका पिंकी के शव के पास से मिले बैग से पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस के अनुसार शव के पास बैग में चार जोड़ी कपड़े, कालेज का आईकार्ड, आधार कार्ड और वोटर आईडी मिली है। घटना स्थल पर पेड़ पर चुन्नी लटकी हुई थी।