जिले में अलग-अलग जगहों पर दो विवाहिताओं ने फांसी लगाकर जान दे दे। घटना का पता चलने पर ससुराली घर से ही फरार हो गए। एक मामले में तो विवाहिता का शव करीब आठ घंटे तक फंदे से लटका ही रहा। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। किसी भी मामले में फिलहाल तहरीर नहीं मिली है।
मूल रूप से ग्राम अकबरिया थाना खुदागंज तिलहर शाहजहांपुर निवासी पुष्पेंद्र रुद्रपुर में ट्रांजिट कैंप स्थित ठाकुरनगर गली नंबर आठ में पत्नी गीता (28) के साथ किराये पर रहकर सिडकुल की एक कंपनी में काम करता है। छह वर्ष पूर्व पुष्पेंद्र का विवाह गीता से हुआ था। शादी के बाद से ही दोनों के बीच अनबन रहती थी। शुक्रवार सुबह जब पुष्पेंद्र ऑफिस जाने लगा तो किसी बात को लेकर उसका गीता से झगड़ा हो गया। देर शाम को पुष्पेंद्र कंपनी से घर पहुंचा तो घर का दरवाजा अंदर से बंद था। पुष्पेंद्र दरवाजा तोड़कर कमरे के अंदर घुसा तो गीता दुपट्टे के सहारे पंखे से लटकी मिली। मामले की सूचना पुलिस को देने की बजाय पुष्पेंद्र इसी मकान में किराये पर रहने वाले अपने भाई मनीष और उसकी पत्नी स्वाति को लेकर घर से फरार हो गया। देर शाम को जब एक अन्य किरायेदार मानवेंद्र ने गीता को फंदे पर लटका देखा तो उसने गीता के शाहजहांपुर में रहने वाले भाई डालचंद को मामले की सूचना दी। यहां पहुंचे डालचंद ने ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस को मामले से अवगत कराया, जिस पर रात करीब 12 बजे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गीता के शव को फंदे से उतारकर अपने कब्जे में लिया। ट्रांजिट कैंप थाना प्रभारी जीबी जोशी ने बताया कि गीता और पुष्पेंद्र के बीच अकसर झगड़ा होता था। मामले के बाद गीता का पति पुष्पेंद्र अपने छोटे भाई मनीष और उसकी पत्नी स्वाति को लेकर फरार है। मामले की जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि शाम चार बजे पुष्पेंद्र के भाई ने उसे मामले की सूचना दी थी। करीब छह बजे पुष्पेंद्र घर पहुंचकर फिर फरार हो गया। मृतका के भाई की सूचना पर पहुंची पुलिस ने रात 12 बजे फंदे से शव को उतारा। इसके अंदाजा लगाया जा रहा है कि आठ घंटे तक शव फंदे से लटकता रहा।
उधर, नानकमत्ता में शनिवार को ग्राम बिचपुरी सलमता निवासी रीना आर्य (32) पत्नी संजय आर्य ने घर की छत पर लगे कुंडे में चुन्नी से फंदा डालकर फांसी लगा ली। विवाहिता के फांसी लगाने की जानकारी पर परिजन तत्काल घर पहुंचे और उसे फंदे से नीचे उतारकर निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन उसे घर ले आए। मायके पक्ष के आकर मारपीट करने के डर से शव को घर में रख कर फरार हो गए। पड़ोसी की सूचना पर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेजा। पुलिस और अधिकारियों के घर आने के बाद फरार ससुरालिये घर लौटे और मृतका के परिजनों को घटना की जानकारी दी। विवाहिता की एक साल की बेटी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतका रीना का मायका ग्राम सबौरा खटीमा में है और तीन वर्ष पहले उसकी शादी हुई थी। बताया कि आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।