परिजनों ने टोका तो प्रेमिका घर छोड़कर प्रेमी के घर जा पहुंची। प्रेमी के परिजनों की सूचना पर कुंडेश्वरी चौकी पुलिस जोड़े कोे कोतवाली ले आई। दोनों के बालिग होने के चलते दोनों परिवारों में उनकी शादी कराने पर सहमति बन गई। इस पर पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया।
हरिनगर निवासी युवती का ढकिया निवासी एक वाहन चालक के साथ पिछले एक वर्ष से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती इंटर पास करने के बाद पढ़ाई छोड़ चुकी है। दोनों के प्यार की भनक लगने पर युवती के परिजनों ने उसके घर से निकलने पर पाबंदी लगा दी। शुक्रवार को युवती ने प्रेमी के साथ शादी करने की जिद की तो पिता ने उसकी पिटाई कर दी। मौका पाकर युवती घर छोड़कर प्रेमी के घर पहुंच गई। उस समय घर में उसके माता-पिता नहीं थे। शाम को दोनों काम से लौटे तो उन्होंने युवती को अपने घर जाने के लिए कहा। लेकिन, वह उसी घर मे रहने की जिद पर अड़ गई। प्रेमी के पिता की सूचना पर कुंडेश्वरी पुलिस दोनों को कोतवाली ले आई, जहां दोनों ने खुद को बालिग बताते हुए साथ रहने की इच्छा जताई। शनिवार को दोनों के परिजन भी कोतवाली पहुंच गए। वहां दोनों पक्षों के बीच उनकी शादी कराने पर सहमति बन गई। इसके बाद युगल को उनके परिजनों के साथ भेज दिया है।