श्री दुर्गा मंदिर के दरवाजे की जाली काटकर 1200 रुपए की नगदी और एंप्लीफायर लेकर शरारती तत्व फरार हो गए। शरारती तत्वों ने मंदिर में रखा मिट्टी का कलश, मूर्ति का शीशा तोड़कर तहस नहस कर दिया। शिवलिंग सहित मूर्तियों को तोड़ने का प्रयास किया। घटना से भड़के विहिप कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन कर सीओ राजीव मोहन को ज्ञापन सौंपा। खबर मिलते ही एसडीएम तीरथपाल सिंह, कोतवाल ओपी शर्मा, थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार सहित अधिकारी मौके पहुंचे। विहिप के तेवर देख आसपास थानों से पुलिस फोर्स को बुलाया गया।
शनिवार रात केलाखेड़ा के गांव रतना मडैया स्थित श्री दुर्गा मंदिर का जाली का दरवाजा तोड़कर शरारती तत्वों ने दुर्गा मां की मूर्ति का शीशा और घड़े तोड़ दिए। शरारती तत्व मंदिर में से एंप्लीफायर सहित अन्य सामान भी ले गए। रविवार सुबह पहुंचे राजपाल सैनी ने मंदिर के अंदर शिवलिंग सहित अन्य मूर्तियों को अस्त-व्यस्त देखा। साथ ही मां दुर्गा मूर्ति के सामने थाली में रखे चढ़ावे के बारह सौ रुपए भी गायब थे। खबर मिलते ही हिंदूवादी संगठनों से जुड़े लोगों की भीड़ लग गई। विहिप और बजरंग दल कुमाऊं मंडल प्रमुख डा. आरके महाजन, भाजपा नेता रविंद्र बजाज सहित दर्जनों की संख्या में लोग एकत्र होकर थाना गेट प्रदर्शन किया। इस दौरान श्री राम के जयकारे लगाए। एसडीएम तीरथपाल सिंह, सीओ राजीव मोहन ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिया। जिस पर मामला शांत हुआ।
मौके पर विहिप नगराध्यक्ष यशपाल राजहंस, गौरव शर्मा, योगेश राजपूत, प्रशांत चौधरी, अरविंद, हिमांशु जोशी, पातीराम, नारायण सैनी, रामपाल, हरिशंकर,, जयमल, रघुवीर सिंह संधू, ओमप्रकाश सैनी, फू ल सिंह, मनोज, सतपाल, प्रेम सिंह, आनंद, भगवंत मियान आदि थे। इधर रविंद्र बजाज ने कहा कि हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई जा रही है। डा. महाजन ने कहा कि धार्मिक आस्थाओें पर कई बार हमला हो चुका है। हिंदुओं को संगठित होने की जरूरत है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी न हुई तो उग्र आंदोलन होगा।