एक छात्रा ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। इससे गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने किशोरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेज दिया। मृतका के पास से सुसाइड नोट मिला है। जिसमें उसने अपनी मौत का जिम्मेदार खुद को ठहराया है। सुसाइड नोट में लिखा है कि पढ़ाई न कर पाने की वजह से वह सुसाइड कर रही है। छात्रा एमबीबीएस की तैयारी में लगी थी। छात्रा की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है
कल्याणपुर निवासी मनोज टम्टा की 16 वर्षीय पुत्री मनीषा टम्टा ग्रीनवुड पब्लिक स्कूल में इंटर की छात्रा थी। उसकी छोटी बहन कोमल सिसौना के केवीएम पब्लिक स्कूल में कक्षा 9 की छात्रा है। पिता मनोज टम्टा सिडकुल की फैक्ट्री में काम करते हैं। रक्षाबंधन के त्योहार पर मनीषा के माता-पिता चोरगलिया ननिहाल गए हुए थे। दादी और दादा खेत गए थे। चाचा की तबियत खराब होने की वजह से वह दूसरे कमरे में सोए थे। रविवार को सुबह करीब नौ बजे मनीषा ने कमरे में लगी लोहे के एंगल में दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
कुछ देर बाद चाचा ने कमरे में जाकर देखा तो वह फंदे पर झूल रही थी। इस पर चाचा के होश उड़ गए। उसने तुरंत ही खेत गए मनीषा के दादा-दादी को बताया। इससे घर में कोहराम मच गया। दादा ने मनीषा की मां सुनीता और पिता मनोज एवं पुलिस को घटना से अवगत कराया। जिस पर सिडकुल चौकी प्रभारी कमल कोरंगा मय पुलिस बल के मौके पर पहुंचे और छात्रा के शव को कब्जे में ले पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेज दिया।
चौकी इंचार्ज कोरंगा ने बताया कि छात्रा के कमरे से स्कूल की डायरी में सुसाइड नोट मिला है। जिस पर उसने पढ़ाई न कर पाने से खुदकुशी करने की बात लिखी हुई है। यह भी लिखा है कि वह अपनी मौत की जिम्मेदार खुद है। फिलहाल, सुसाइड नोट की जांच की जा रही है। मामले में जांच के बाद ही कार्रवाई की जाएगी। इधर, परिजनों ने बताया कि छात्रा मनीषा इंटर के साथ ही एमबीबीएस के लिए तैयारी कर रही थी। मनीषा की मौत से मां सुनीता, दादा-दादी समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।