बरा पेट्रोल पंप लूटकांड के पांच बदमाशों के खिलाफ गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज होने के बाद मंगलवार को पुलिस ने उनके घरों में दबिश देकर दबोचा और खटीमा कोर्ट में पेश किया। जहां से पांचों आरोपियों को जेल भेज दिया गया।
पुलभट्टा थाना के एसओ मोहन चंद्र पांडे ने बताया कि बीती तीन जुलाई को बरा के इंडियन ऑयल पेट्रोल के प्रबंधक को ऑल्टो कार सवार बदमाशों ने लूटने का प्रयास किया था। मैनेजर के साहस से लाखों की लूट होने से बच गई थी। एक बदमाश को ग्रामीणों ने धर दबोचा और पुलिस के हवाले कर दिया था। जबकि, साथी बदमाश पांच हजार की नगदी लूटकर फरार हो गए थे। इन आरोपियों में बाइपास कॉलोनी के मो. शबाबयार खां , सनव्वर खां उर्फ बब्बू , नवाब आलम उर्फ टिंकू, नयागांव के फरियाद एवं पंडरी के तस्लीम शामिल हैं। 19 सितंबर को पांच लूट के आरोपियों के खिलाफ 2/3 गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा दर्ज कर सितारगंज कोतवाली के इंस्पेक्टर बीएस भाकुनी को तफ्तीश सौंपी गई थी। मंगलवार को इंस्पेक्टर भाकुनी ने पुलिस टीम के साथ पांचों आरोपी बदमाशों को उनके घर दबिश देकर धर दबोचा और खटीमा कोर्ट में पेश किया। एसएसआई बीएस बिष्ट ने बताया कि पांचों आरोपी बदमाशों को कोर्ट ने हल्द्वानी जेल भेजा है।