दुष्कर्म पीड़ित किशोरियों के आक्रोशित परिजनों ने नगरवासियों के साथ कोतवाली में सीओ हिमांशु शाह से मुलाकात की। उन्होंने पुलिस पर पीड़ित किशोरियों को पूछताछ के नाम पर परेशान करने का आरोप लगाया। कहा कि पुलिस वर्दी पहनकर पीड़िताओं से पूछताछ कर रही है। साथ ही पूछताछ का कोई भी समय निश्चित नहीं है। पुलिस ने गत रविवार को देर रात कोतवाली में किशोरियों से पूछताछ की और फिर सोमवार को दोपहर तक पूछताछ की। इसके अलावा लोगों ने मांग की कि मामले में कोई राजनीतिक हस्तक्षेप न हो।
सोमवार को बसपा नगराध्यक्ष एवं पूर्व सभासद इकशाद अहमद पटौदी के नेतृत्व में कोतवाली पहुंचे परिजनों ने सीओ शाह से पुलिस के दुर्व्यवहार की शिकायत की। आरोप लगाया कि पुलिस पीड़ित किशोरियों के आरोपियों को तो हवालात के बाहर बिठाए है, लेकिन किशोरियों और उनके परिजनों के साथ दुर्व्यवहार किया जा रहा है। पूछताछ के दौरान किशोरियों के परिजनों को भी शामिल नहीं किया जाता। उन्होंने महिला दरोगा पर बालिकाओं से अशोभनीय भाषा बोलने का भी आरोप लगाया। नगरवासियों ने सीओ से मामले में निष्पक्ष कार्रवाई करने और पकड़े गए आरोपियों को तत्काल जेल भेजने की मांग की। साथ ही कहा कि किशोरियों से पूछताछ के दौरान पुलिस अधिकारियों के सादी वर्दी में आने की मांग की गई। इधर, सीओ ने कहा कि पुलिस दबाव में काम नहीं कर रही है। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। इस दौरान पूर्व ग्राम प्रधान मो. अली, इम्तियाज अहमद, छोटे, जावेद मंसूरी आदि थे।