कोसी में खनन की जमीन को लेकर दो गुटों में गैंगवार हो गया। दोनों गुटों में लाठी डंडे, सरिए, तलवारें चलीं और जमकर पथराव हुआ। मारपीट में चार लोग घायल हो गए। इस दौरान एक स्कार्पियो क्षतिग्रस्त हो गई। घटना को लेकर पीएसी तैनात कर दी गई है। एक पक्ष ने चार लोगों के खिलाफ जानलेवा हमला करने का आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने दो लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
शनिवार को सुल्तानपुर पट्टी के पास कोसी नदी के गांव पटौटी क्षेत्र में खनन की जमीन कब्जाने को लेकर गांव गजरौला निवासी प्यारा सिंह और गुरदीप सिंह समर्थकों के साथ स्कार्पियो, बोलेरो में सवार होकर पहुंचे। इस दौरान दोनों गुटों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों गुटों में जमकर लाठी, सरिए, तलवार और पथराव हुआ। जिसमें स्कार्पियो क्षतिग्रस्त हो गई। इस पर मजदूर इधर-उधर भाग गए। मारपीट में यूपी के गांव घोसीपुरा निवासी मोहम्मद हुसैन, सुल्तानपुर पट्टी के मोहल्ला शिवनगर निवासी विक्की सागर सहित चार लोग घायल हो गए। उन्हें काशीपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खबर मिलते ही सीओ राजीव मोहन, कोतवाल ओमप्रकाश शर्मा, एसएसआई हिमांशु पंत, चौकी इंचार्ज अजेंद्र प्रसाद, नायबतहसीलदार प्रताप राम आर्य, राजस्व निरीक्षक कुवंर सिंह, लेखपाल नरेंद्र कुमार मय फोर्स के मौके पर पहुंचे। पुलिस भूपेंद्र सिंह सहित दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। कोतवाल शर्मा के अनुसार विक्की सागर की तरफ से चार नामजद लोगों पर जानलेवा हमला और अनुसूचित जाति शब्दों का प्रयोग करने का मुकदमा दर्ज कराया है। उधर, दूसरे पक्ष के प्यारा सिंह ने पांच लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। सीओ के अनुसार मौके से कोई खोखा नहीं मिला जिससे फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है।