अवैध खनन होने की सूचना पर छापेमारी करने पहुंची वन टीम को खनन कारोबारियों ने हथियारों के बल पर आधा घंटे तक बंधक बनाकर रखा। वनाधिकारियों को गाली गलौच और धमकी देकर कारोबारी खनन से भरी ट्रैक्टर ट्राली छुड़ा लिया।
तराई पश्चिमी वन प्रभाग के एसडीओ बीएस शाही ने वनाधिकारियों के साथ कोतवाली पहुंचकर तीन नामजद और 20-25 अन्य आरोपियों के खिलाफ एसआई अंबीराम आर्य को तहरीर सौंपी। आरोप है कि सूचित करने के बाद भी बाजपुर पुलिस मौके पर नही पहुंची। समाचार लिखे जाने तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी।
वन एसडीओ बीएस शाही के अनुसार बृहस्पतिवार सुबह 4:35 बजे वन विभाग के एसडीओ बीएस शाही, रेंजर विजेंद्र सेन अधिकारी, जितेंद्र प्रसाद डिमरी, कमल सिंह, अभिलाष सक्सेना ने पीएसी टीम के साथ बैंतखेड़ी क्षेत्र छापेमारी की। मौके से खनन से ओवर लोड पांच वाहन पकड़े।
जिन्हें सीज कर दिया। इस दौरान खनन से भरी एक ट्रैक्टर ट्राली केलाबनवारी स्थित एक स्टोन क्रशर की तरफ जा रही थी जिसे रोकने की कोशिश की। लेकिन चालक से तेजी से खनन से भरी ट्रैक्टर ट्राली को क्रशर के अंदर ले गया। पीछा करते हुए वन टीम भी क्रशर के अंदर पहुंच गई। जिस पर खनन कारोबारियों ने हथियारों के बल पर क्रशर के मुख्य गेट पर लगा बेरियर बंद कर वन टीम को आधे घंटे तक बंधक बनाये रखा।
बताते हैं कि खनन कारोबारियों ने हथियारों का प्रदर्शन कर वन टीम के साथ गाली गलौच कर खूब धमकाया। एसडीओ शाही ने मोबाइल पर डीएम नैनीताल और डीएफओ रामनगर को घटना की जानकारी दी। इस दौरान शाही के हाथ से मोबाइल छीनने की भी कोशिश की गई। जिस पर धक्कामुक्की हो गई। एसडीओ की डीएम से बात होने पर खनन कारोबारियों ने क्रशर का बेरियर खोल दिया। जिस पर वन टीम लौट आई। घटना से वन टीम आहत दिखाई दी।