पुलभट्टा थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप में हुई लूट के आरोपियों को पकड़ने गई पुलिस टीम और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। बदमाशों की ओर से की गई फायरिंग में एक दरोगा और एक हेड कांस्टेबल गोली लगने से घायल हो गए। जबकि महिलाओं द्वारा किए गए पथराव में भी दो सिपाही चोटिल हुए। घायल दरोगा और हेड कांस्टेबल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि चोटिल हुए सिपाहियों को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। बीती पांच मार्च की रात पुलभट्टा थाना क्षेत्र स्थित आरएस पेट्रोल पंप पर चार बदमाशों ने धावा बोलकर 50 हजार की नकदी, एलसीडी, मोबाइल और अन्य सामान लूट लिया था।
लूट के खुलासे के लिए पुलभट्टा थाना पुलिस और एसओजी रुद्रपुर को लगाया गया था। लूटे गए मोबाइल को सर्विलांस पर लगाने के बाद पुलिस ने दो आरोपियों प्रदीप और अनीस को पकड़ लिया था। दोनों ने बताया कि घटना में ग्राम फिरोजपुर, बरा थाना पुलभट्टा निवासी गुरबाज सिंह उर्फ बाज (22 वर्ष) और ग्राम सिरौली तलैय्या थाना किच्छा निवासी प्रताप मजूमदार उर्फ कल्लू (21 वर्ष) भी शामिल थे। मुखबिर ने सूचना दी कि फरार आरोपी आईटीआई थाना क्षेत्र के ग्राम दभौरा टांडा (सरदारों का टांडा) में ग्राम बुढियाकालोनी थाना बहेड़ी जिला बरेली निवासी बदमाश मोनू की ससुराल में छिपे हैं।
इस पर बुधवार की देर रात किच्छा थाने के एसएसआई धर्मवीर सोलंकी के नेतृत्व में पुलभट्टा थाना पुलिस, एसओजी रुद्रपुर, आईटीआई, काशीपुर, कुंडा थाना पुलिस ने मोनू की ससुराल में दबिश दी। पुलिस को देखते ही वहां छिपे बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। वहीं महिलाओं ने भी पथराव शुरू कर दिया। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। बदमाशों की ओर से हुई फायरिंग में एसआई प्रहलाद सिंह बिष्ट पैर और हेड कांस्टेबल प्रदीप कुमार जबड़े पर गोली लगने से घायल हो गए। वहीं पुलभट्टा थाने के सिपाही धीरज भंडारी और कुलदीप सिंह भी पथराव में घायल हो गए। बदमाश फायरिंग करते हुए भागने लगे। लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर गुरबाज सिंह और प्रताप मजूमदार को दबोच लिया। जबकि उनका साथी मोनू अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पकड़े गए बदमाश गुरबाज के पास से एक पिस्टल, दो कारतूस और पेट्रोल पंप से लूटा गया मोबाइल बरामद हुआ। जबकि प्रताप के पास से 315 बोर का तमंचा और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए।
वहीं पुलिस ने पथराव कर रही फरार बदमाश मोनू की पत्नी रंदीप कौर उर्फ रानी और पकड़े गए बदमाश गुरबाज की पत्नी पिंकी उर्फ नीतू को भी पकड़ लिया। घायल दरोगा और हेड कांस्टेबल को जीवनरेखा अस्पताल भर्ती कराया गया। जहां दोनों का आपरेशन कर आईसीयू में रखा गया है। पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों और महिलाओं के खिलाफ धारा 143, 333, 353, 336, 34 आईपीसी, 307, 25 आर्म्स एक्ट, 7 क्रिमिनल एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।