गदरपुर में मुख्य मार्ग पर बने गड्ढों में धरने में बैठे युकां नेता भुसरी एवं समर्थक।
- फोटो : अमर उजाला
मुख्य मार्ग की जर्जर हालत को सुधारने की मांग को लेकर युवा कांग्रेस नेता सिद्धार्थ भुसरी ने शुक्रवार को कार्यकर्ताओं के साथ सड़क के गड्ढों में बैठकर धरना दिया। धरने को व्यापारियों ने भी समर्थन दिया।
वहां से गुजर रहे किच्छा के विधायक राजेश शुक्ला ने मौके से ही एसडीएम नरेश चंद्र दुर्गापाल से फोन पर भुसरी की वार्ता कराई और गड्ढों को भरवाने के लिए कहा। एसडीएम के आश्वासन पर भुसरी ने धरना समाप्त कर दिया।
इससे पूर्व धरना देने के दौरान भुसरी ने कहा कि जर्जर सड़क और सड़के दोनों ओर नाला निर्माण के चलते अकसर यहां जाम की स्थिति रहती है। प्रशासन से भारी वाहनों का रूट बदलने का आग्रह भी किया गया था, लेकिन इस पर भी कोई ध्यान नहीं दिया गया। सड़क पर धरने के चलते मुख्य बाजार में जाम लग गया।
इस बीच देहरादून से लौट रहे किच्छा के विधायक राजेश शुक्ला ने धरने पर बैठे भुसरी से धरने से उठने का अनुरोध किया। इस दौरान पालिका के ईओ हरिचरण सिंह, कांग्रेस नगर अध्यक्ष विजय सुखीजा, संजीव अरोरा, मनोज गुम्बर, प्रतीक बजाज, अशोक भुसरी, अजय छाबड़ा, सुरेश ग्रोवर आदि थे। ब्यूरो