फेसबुक पर विज्ञापन देख तीन युवकों ने नौकरी के लिए ऑनलाइन आवेदन किया। तीनों का स्काइप के माध्यम से इंटरव्यू लेकर आरोपी ने उनसे एक खाते में करीब ढाई लाख रुपये डलवा लिए। बाद में उन्हें मेल पर जाली वीजा और एयर टिकट भेज दिया। धोखाधड़ी का पता चलने पर पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की, जिसपर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में ग्राम कुटरा निवासी मुकेश सिंह ने कहा कि 22 सितंबर को फेसबुक पेज जॉब प्वाइंट के माध्यम से जानकारी मिली कि दुबई के एक होटल में रिक्तियां हैं। इस पर उसने ग्राम श्रीपुर बिचुवा निवासी कैलाश और सूरज सिंह के साथ ई-मेल से बायोडाटा भेजकर आवेदन किया था।
22 सितंबर को स्वयं को मुंबई निवासी रोहित बताते हुए एक व्यक्ति ने स्काइप पर इंटरव्यू लिया। इसके बाद उक्त व्यक्ति ने वीजा, टिकट, मेडिकल आदि के लिए प्रतिव्यक्ति करीब 88 हजार रुपये बताए। इस पर तीनों ने एचडीएफसी बैंक के एक खाते में ऑनलाइन बैंकिंग के जरिये पैसा जमा कर दिए। 10 नवंबर को रोहित ने उनके मेल पर टिकट और वीजा भेजा। संदेह होने पर जांच की तो पाया कि टिकट और वीजा दोनों जाली हैं।
उन्होंने आरोपी पर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। कोतवाली पुलिस ने आरोपी रोहित के खिलाफ धारा 420 आईपीसी के तहत रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाल योगेश चंद्र उपाध्याय ने बताया कि जांच एसआई कृष्ण कुमार को सौंपी गई है।