एनएच-74 भूमि मुआवजा घोटाले की जांच कर रही एसआईटी ने एनएचएआई देहरादून के दो अफसरों को पूछताछ के लिए दोबारा नोटिस भेजा है। क्षेत्रीय प्रबंधक (आरओ) पीसी आर्य और सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरओ) गाबा साने को एसआईटी ने नोटिस भेजा है। जबकि शुक्रवार को ही आरओ पीसी आर्य से एसआईटी ने पूछताछ की थी।
एनएच-74 भूमि मुआवजा घोटाले में शुक्रवार को एनएचएआई देहरादून के आरओ बीसी आर्य से एसआईटी ने पूछताछ की थी। उनके बयानों के आधार पर गदरपुर में काश्तकारों को किए गए मुआवजे के दस्तावेजों को एसआईटी ने संदिग्ध पाया। जिस पर शनिवार को एआरओ गाबा साने और आरओ बीसी आर्य को एसआईटी ने दोबारा नोटिस भेजा है।
बता दें कि एसआईटी घोटाले में एनएचएआई नजीबाबाद के अफसरों से भी पूछताछ कर चुकी है। उधर, नैनीताल की भ्रष्टाचार निवारण कोर्ट से आठ काश्तकारों का गैर जमानती वारंट (एनबीडब्यू) लेने के बाद उनकी धरपकड़ के प्रयास तेज हो गए हैं। एसआईटी फरार काश्तकारों की लोकेशन का पता लगा रही है। बताया जा रहा है कि काश्तकारों की गिरफ्तारी के लिए टीमें भी बना दी गई हैं। संभावित ठिकानों पर दबिशें भी दी जा रही है।