फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बचने को भाग रहे अधिवक्ता से चली गोली, एक घायल 

Wed, 03 Oct 2018 12:06 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला/ऊधमसिंह नगर
विज्ञापन
रुद्रपुर में घटना के बाद लोगों से पूछताछ करती पुलिस। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

जमीनी विवाद के चलते बीच बाजार में हुए विवाद में एक अधिवक्ता की लाइसेंसी पिस्टल से गोली चल गई। गोली लगने से पत्नी के इलाज के लिए बाजार पहुंचा ई रिक्शा सवार एक युवक घायल हो गया। घायल को हल्द्वानी एसटीएच में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद अधिवक्ता मौके से फरार हो गया। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी में घटना कैद होने से पुलिस अधिवक्ता की पहचान कर उसकी धरपकड़ में जुट गई है। अधिवक्ता के एक साथी को पुलिस ने हिरासत में लिया है। 

विज्ञापन


मंगलवार शाम ग्राम भुड़िया दिनेशपुर निवासी परमानंद बाला (30) पुत्र श्रीपाल अपनी पत्नी का इलाज कराने सिविल लाइन स्थित डॉक्टर कॉलोनी में पहुंचा था। बिंदुखेड़ा निवासी अधिवक्ता परमजीत सिंह उर्फ पम्मा भी अपने गदरपुर निवासी दोस्त गुरमेश सिंह के साथ पहले से डाक्टर कॉलोनी में मौजूद था। बताया जा रहा है कि इसी बीच परमजीत को करीब आधा दर्जन लोगों ने घेर लिया और उससे झगड़ा करने लगे। बचने के लिए अधिवक्ता अपनी लाइसेंसी पिस्टल हवा में लहराते हुए भागने लगा। दौड़ते समय एक ई रिक्शा पर चढ़ने के दौरान अधिवक्ता की लोडेड पिस्टल से फायर हो गया।

गोली डॉक्टर को दिखाने के बाद ई रिक्शा से घर लौट रहे परमानंद के पेट में लग गई। परमानंद की पत्नी के शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्र हुए तो अधिवक्ता एक बाइक सवार का सहारा लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने अधिवक्ता के दोस्त गुरमेश को हिरासत में लेकर अधिवक्ता की कार को भी कब्जे में ले लिया है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरा घटनाक्रम कैद होने से पुलिस अधिवक्ता परमजीत की पहचान कर उसकी धरपकड़ के लिए दबिश दे रही है। 
विज्ञापन


भागने के लिए बाइक चालक पर तानी पिस्टल 
सरेबाजार लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग कर युवक को घायल करने वाला अधिवक्ता परमजीत जब ई रिक्शा से भागने में असफल रहा तो उसने भागने के लिए वहां से गुजर रहे एक बाइक सवार युवक पर पिस्टल तानी। बाइक सवार के रुकने पर वह उसकी बाइक पर सवार होकर फरार हो गया। अधिवक्ता को रुद्रपुर कोतवाली पुलिस की ओर से हिस्ट्रीशीटर भी घोषित किया गया है। 

जमीनी विवाद को लेकर पहले गढ़ी थी अपहरण की कहानी              
पुलिस के अनुसार अधिवक्ता का कुछ लोगों के साथ जमीनी विवाद चल रहा था। मंगलवार को बाजार में उसके दिखने पर लोगों ने उसकी घेराबंदी कर ली। कुछ माह पूर्व परमजीत ने ट्रांजिट कैंप थाने में बंगाली समुदाय के कुछ लोगों पर उसका अपहरण करने का आरोप लगाया था, लेकिन पुलिस जांच में मामला जमीनी विवाद का निकलने पर अपहरण की कहानी झूठी निकली थी। 

वन कर्मियों की कस्टडी से भागा था अधिवक्ता का भाई 
रुद्रपुर में सरेबाजार फायरिंग कर युवक को घायल करने वाले अधिवक्ता के भाई प्रीतम को बीते वर्ष नवंबर में सागौन की लकड़ी की तस्करी के आरोप में वन कर्मियों ने गिरफ्तार किया था। टांडा जंगल के पास प्रीतम वन कर्मियों को धक्का देकर फरार हो गया, जिसे बाद में पुलिस ने पकड़कर जेल भेजा था। 

- डॉ. कॉलोनी में अधिवक्ता परमजीत सिंह की ओर से फायरिंग कर ई रिक्शा सवार को घायल करने की पुष्टि लोगों से पूछताछ के साथ ही सीसीटीवी कैमरे से भी हुई। इसके आधार पर उसकी धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही है। अधिवक्ता रुद्रपुर कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर भी है। 

विज्ञापन

- एसपी सिटी देवेंद्र पींचा। 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें