काशीपुर में विदेश भेजने का झांसा देकर लाखों की ठगी करने के एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार बताए गए हैं।
14 सितंबर 2018 को कुंडा थाने के ग्राम गढ़ीनेगी निवासी जिम्मी बाठला ने काशीपुर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बताया था कि ग्राम ढकिया नंबर दो निवासी तरसेम सिंह से उसकी मुलाकात वर्ष 2016 में हुई थी। 28 अक्तूबर 2016 को तरसेम ने मकाऊ में अच्छी नौकरी होने की बात कहते हुए उसके सामने 90 हजार रुपये के पैकेज का प्रस्ताव रखा। उसने बताया कि उसके साथी दलप्रीत और मनप्रीत लोगों को अच्छे पैकेज पर विदेश भेजते हैं। एक सप्ताह के भीतर तीनों ने उससे दो लाख दस हजार रुपये नकद ले लिए। 12 नंवबर 2016 को वीजा देने के बाद उससे 3.75 लाख रुपये और ले लिए। इसके बाद तीनों ने उसे मकाऊ भेज दिया। वहां जाकर पता लगा कि जिस कंपनी में नौकरी की बात कही गई थी, वहां इस नाम से कोई कंपनी नहीं है। मजबूरन उसे वापस लौटना पड़ा। बाद में आरोपियों ने गलती मानते हुए उसे आयरलैंड भेजने को कहा। आरोप है कि 21 जनवरी से 10 फरवरी 2017 के दौरान तीनों ने उससे कुल 10.71 लाख रुपये की रकम ऐंठ ली। तहरीर के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। बृहस्पतिवार को पुलिस ने कुंडेश्वरी क्षेत्र में दबिश देकर मुख्य आरोपी तरसेम सिंह को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।