काशीपुर में आईटीआई पुलिस ने दहेज हत्या के एक मामले में आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि पांच अन्य आरोपी अभी भी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सके हैं। 29 जनवरी को ग्राम गुलड़िया में तबस्सुम पत्नी मुशाहिद का शव छत के कुंडे से लटका मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी हत्या की बात सामने आई थी। इस मामले में मृतका के भाई मुरादाबाद डिलारी के ग्राम मोबतिया निवासी मो. हसन ने तबस्सुम के पति मुशाहिद हुसैन, ससुर शाहिद हुसैन, सास हाजरा बेगम, देवर आसिफ, ननद बेगम और गुलफशां पर दहेज में छह लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया था। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए। तहरीर के आधार पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। मामले की विवेचना सीओ मनोज ठाकुर कर रहे हैं। शनिवार को पुलिस ने रेलवे स्टेशन के पास से आरोपी पति मुशाहिद हुसैन को गिरफ्तार कर लिया।