काशीपुर। बहन पर छींटाकशी करने का विरोध करने पर एक युवक ने दूसरे युवक पर कैंची से हमला कर दिया। गर्दन में कैंची लगने से युवक बुरी तरह लहूलुहान हो गया। घायल ने उपचार करा मामले की तहरीर पुलिस को सौंपी है। पुलिस को दी तहरीर में ग्राम कचनालगाजी निवासी विकास कुमार ने कहा है कि पक्काकोट निवासी एक युवक अकसर उसके साथ गाली गलौच करता है। बृहस्पतिवार की सुबह करीब सवा आठ बजे वह अपनी बहन के साथ कहीं जा रहा था। तभी रास्ते में खड़े उक्त युवक ने उसकी बहन को देखकर छींटाकशी शुरू कर दी। विरोध करने पर उसने गाली-गलौच करते हुए उसकी पिटाई की और जान से मारने की धमकी दी। कुछ देर बाद आरोपी ने विकास को फिर घेर लिया और गर्दन पर कैंची से हमलाकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के भाई को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल मामले की प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई थी।