चोरों ने व्यापारी के घर के ताले तोड़ दो कमरे खंगाल डाले और 70 हजार की नगदी समेत करीब सवा दो लाख रुपये का माल चुरा लिया। दोपहर बाद घर पहुंचे व्यापारी टूटे गेट से अंदर घुसा तो दो कमरों के भी ताले टूटे थे और सामान बिखरा पड़ा था। पुलिस ने चोरी की घटना का मुआयना किया और मामले की जांच शुरूकर दी।
हाथीखाना मोहल्ले में रामलीला मैदान के पास सद्दा वाली गली में मुल्तान जनरल स्टोर के स्वामी सतीश मिगलानी का मकान है। शुक्रवार को वह अपनी पत्नी मनीषा मिगलानी व दो बेटों देव और स्वयं के साथ रुद्रपुर खरीदारी करने गए थे।
रात को वह रुद्रपुर मलिक कालोनी में अपनी बहन पारुल रहेजा के घर रुक गए। शनिवार दोपहर सतीश घर पहुंचा तो मुख्य गेट का ताला टूटा पड़ा था। इसके बाद वह टूटे गेट से अंदर घुसा तो देख दो कमरों के ताले भी टूटे पड़े और सामान बिखरा हुआ है। इस पर उसके होश उड़ गए। उसने तत्काल पुलिस को मामले की सूचना दी। जिस पर एसएसआई प्रवीण सिंह मय पुलिस बल के मौके पर पहुंचे और चोरी की घटना का मुआयना किया।
सतीश ने बताया कि अलमारी में 70 हजार रुपये की नगदी, सवा दो तोले की सोने की चेन, सवा तोले की एक अंगूठी, आधा तोले के टॉप्स व तीन जोड़ी चांदी की पायल रखी थी। जो गायब हैं। इसके अलावा चोर कमरे से एलईडी टीवी भी उतार ले गए। चोरी गए माल की कीमत करीब सवा दो लाख रुपये है। बताया कि आगामी 24 अप्रैल को काशीपुर में उसके साले के बेटी की शादी है। जिसकी तैयारियां की जा रही थी। एसएसआई ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।