रुद्रपुर। गंगापुर रोड स्थित सर्वेश्वरी कॉलोनी में हत्या और डकैती को अंजाम देने वाले डकैतों की धरपकड़ के लिए पुलिस लखनऊ एसटीएफ की ओर से पकड़े गए हरियाणा के एक लाख के इनामी बदमाश राजू से पूछताछ करेगी। एसटीएफ की पूछताछ में राजू ने उत्तराखंड में भी लूट और डकैती की वारदातों को अंजाम देने की बात कबूली है।
बता दें कि बीती 22 मई को गंगापुर रोड स्थित पंकज श्रीवास्तव के घर में घुसकर डकैतों ने उनकी पत्नी अर्पणा की हत्या कर दी थी। इससे कुछ दिन पहले डकैतों ने हल्द्वानी में भी डकैती और हत्या की वारदात की थी। डकैतों की धरपकड़ में जुटी पुलिस ने बीते 14 जुलाई को प्रीत विहार निवासी जैन हसन और इकबाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, लेकिन डकैतों के सरगना सहित चार डकैत अभी भी फरार हैं।
कुछ दिन पूर्व लखनऊ एसटीएफ ने पलवल (हरियाणा) के एक लाख के इनामी बदमाश राजू उर्फ कालिया उर्फ किशन बावरिया को काकोरी के जलियामऊ स्थित नागेश्वर मंदिर के पास से गिरफ्तार कर उससे लूट के जेवरात, तमंचा और एक बाइक बरामद की है। पूछताछ में राजू ने बताया कि उसके गैंग ने बाराबंकी से लूट और डकैती की वारादात शुरू की और फर्रुखाबाद तक इन्हें अंजाम दिया।
गैंग के पांच सदस्यों को लखनऊ एसटीएफ पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है, लेकिन अभी भी 50-50 हजार के दो इनामी बदमाश फरार हैं। राजू ने यूपी और पंजाब के साथ ही उत्तराखंड में भी लूट और डकैती की वारदातों को अंजाम देने की बात कबूली है। इसे देखते हुए यूएस नगर पुलिस टीम भी राजू से पूछताछ के लिए लखनऊ रवाना हो गई है।
माना जा रहा है कि राजू से पूछताछ के बाद पुलिस को कुछ सफलता मिल सकती है। साथ ही पुलिस ने फरार चल रहे बंटी के पिता छज्जू और पुराने बदमाश राहुल से भी पूछताछ कर कुछ सुराग जुटाए हैं।