रुद्रपुर के रवींद्रनगर क्षेत्र में चिटफंड कंपनी चलाने वाले कंपनी निदेशक के खिलाफ पुलिस ने धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है। ठगी का शिकार हुए लोगों ने निदेशक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था। सुभाष चंद्र दास की रवींद्र नगर में एमआईजी परिवार एग्रोटेक इंडिया लिमिटेड के नाम से चिटफंड कंपनी है। सुभाष ने लोगों को प्रलोभन दिया था कि उसकी कंपनी पांच साल में ग्राहकों की रकम को दोगुना करती है। इस पर बड़ी संख्या में लोगों ने कंपनी में अपने रुपये निवेश कर दिए थे। निवेश की समयावधि पूरी होने पर जब ग्राहकों ने सुभाष से अपनी रकम मांगी तो सुभाष कई बार बहाने बनाकर उन्हें टालता रहा। बीते शुक्रवार को कुछ लोग सुभाष को पकड़कर चौकी ले आए। पुलिस ने ठगी का शिकार हुए बगवाड़ा निवासी लालसिंह, भाईलाल, वीरपाल की तहरीर के आधार पर सुभाष के खिलाफ धारा 420 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस सुभाष से पूछताछ कर रही है।