बीच सड़क पर पति को चप्पल से पीटा
काशीपुर। नवविवाहिता को शराबी पति की कोई बात इतनी नागवार गुजरी कि वह आगबबूला हो गई। उसने चलती बाइक से कूदकर पति पर चप्पल बरसा दी। लोगों ने नवदंपति को किसी तरह समझा बुझाकर विवाहिता को पति संग घर भेजा।
कुंडेश्वरी निवासी एक नवविवाहित युवक पत्नी को ससुराल से लेकर बाइक से घर लौट रहा था। पति ने शराब पी हुई थी। रास्ते भर दोनों के बीच किसी बात को लेकर नोकझोंक होती रही। जसपुरखुर्द में कोर्ट रोड के चौक पर विवाहिता बाइक से कूद पड़ी। इस पर पति ने बाइक रोक दी। इससे पहले कि प्रत्यक्षदर्शी कुछ समझ पाते, विवाहिता ने चप्पल से पति की पिटाई शुरू कर दी। लोगों ने दोनों को समझाया। विवाहिता ने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए उसके साथ जाने से इंकार कर दिया। काफी प्रयासों के बाद वह पति की बाइक पर बैठी और घर जाकर देख लेने की धमकी देती रही। इसके बाद दोनों वहां से चले गए।