जसपुर। कश्मीर से धार्मिक शिक्षा लेने आए छात्र की हत्या के आरोप में गिरफ्तार प्रेमिका को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। महिला पर आरोप है कि बहन से संबंध बनाने ने नाराज होकर उसने नशीला कोल्डड्रिंक पिलाकर प्रेमी को पहले बेहोश किया बाद में उसकी गला घोंट कर हत्या कर दी थी। पुलिस ने हत्यारोपी प्रेमिका को गिरफ्तार कर जहर की शीशी, तकिया, चादर बरामद कर ली। एएसपी डॉ. जगदीश चंद्र ने जांच करने वाली पुलिस टीम को इनाम देने की घोषणा की है। सीओ राजेश भट्ट ने शनिवार को कोतवाली प्रांगण में पत्रकार वार्ता कर घटना का खुलासा किया। बताया कि कश्मीर के जिला पहलगाम, अनंतनाग निवासी शाहिद पुत्र मो. मकबूल ने छह सितंबर को घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप था कि मोहल्ला छीपियान निवासी खतीजा खातून पत्नी शेर अली ने पांच सितंबर शाम तीन बजे उसके साथी छात्र एजाज अहमद पुत्र गुलाम नबी निवासी लाडला बारामूला कश्मीर को अपने घर बुलाया और उसकी हत्या कर दी। जांच में पता चला कि एजाज चार साल से मदरसा बदरूल उलूम में रहकर मौलवियत की पढ़ाई कर रहा था। वह झाड़ फूंक भी करता था। करीब तीन वर्ष पहले खतीजा खातून ने उसे झाड़ फूंक करने के लिए अपने घर बुलाया था। तभी से दोनों के बीच जिस्मानी संबंध बन गए। खतीजा झाड़-फूंक के बहाने दोनों बच्चों को घर से बाहर कर देती और दोनों घंटों कमरे में बंद रहते थे। इसकी भनक खतीजा के पति को भी नहीं थी क्योंकि वह अक्सर बाहर रहता था। इस बीच काशीपुर निवासी खतीजा खातून की बहन का उसके घर आना-जाना शुरू हो गया। मृतक ने अपनी बातों से उसे भी फंसा लिया और उससे भी प्रेम संबंध बना लिए। इसकी भनक लगने पर खतीजा ने दो बार अपने हाथ की नसें काटकर एजाज को कसमें खिलाईं कि वह उसके अलावा किसी और से संबंध नहीं रखेगा। जब एजाज ने उसकी नहीं सुनी तो उसने पांच सितंबर की शाम तीन बजे उसे घर पर बुलाया और कोल्ड ड्रिंक में जहर मिलाकर पिला दिया। बेहोश होने पर उसका गला दबाकर हत्या कर दी।
हत्यारोपी की अंगुली ने ही दे दी गवाही
जसपुर। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस फोरेंसिक रिपोर्ट का बेसब्री से इंतजार करने लगी। सीओ राजेश भट्ट ने बताया कि दोनों ही रिपोर्ट की पड़ताल करने पर पता चला कि एजाज के गले पर जो अंगुलियों के निशान हैं उनमें मध्यमा अंगुली असामान्य तरीके से लंबी है। इसके बाद सभी संदिग्धों की बारी-बारी से उनकी अंगुलियां जांची गई तो पुलिस को आरोपी का पता चल चुका था। यह कोई और नहीं बल्कि खतीजा खातून निकली। पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो कहानी की कड़ियां जुड़ती चली गईं। हालांकि पुलिस का मानना है कि इस वारदात में पति शेरअली समेत परिवार के कुछ और सदस्य भी शामिल हो सकते हैं। पुलिस ने महिला को न्यायिक हिरासत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।