काशीपुर में ब्रांडेड कपड़े पहनने के शौक ने एक युवक को चोर बना दिया। एक शोरूम की डमी से चोरी हुए कपड़े पहने एक युवक पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पूछताछ में उसने शोरूम की डमी से कपड़े चोरी करने की बात स्वीकार कर ली।
बाजपुर रोड स्थित एक मॉल के ग्राउंड फ्लोर में वी-मार्ट कंपनी का शोरूम है। 10 फरवरी की सुबह शीशा तोड़कर शोरूम में घुसे युवक ने वहां रखी एक डमी से जींस, टी-शर्ट, स्वेटर और जैकेट उतार ली। इस मामले में शोरूम के सहायक प्रबंधक चरन सिंह ने कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज चेक किए तो पांच बजकर 26 मिनट पर एक युवक शोरूम में घुसते देखा गया और तीन मिनट बाद ही वह शोरूम से बाहर निकल गया। पुलिस जांच में जुटी थी कि मॉल के एक कर्मचारी ने एक युवक को डमी से चुराए गए कपड़े पहनकर घूमते पाया। सूचना पर पुलिस ने युवक को धर दबोचा। पकड़ा गया आरोपी युवक मलसावा डेयरी, दुर्गा चौक, दिल्ली का रहने वाला है। राहुल ने शोरूम की डमी से कपड़े चोरी करने की बात स्वीकार करते हुए बताया कि कुछ और युवक भी शोरूमों से कपड़े चोरी करने का काम करते है। उसने पुलिस को कुछ अन्य युवकों के नाम भी बताए लेकिन कोई भी पुलिस के हाथ नही लग सका है। पकड़ा गया आरोपी वेटर का काम करता है।