काशीपुर। एक नकाबपोश ने घर में बच्चों के साथ सो रही महिला के अपहरण की कोशिश की। महिला के शोर मचाने पर पड़ोसियों ने आरोपी को ललकारा तो बदमाश महिला को छोड़कर भाग खड़े हुए। महिला ने पति के साथ थाने पहुंचकर मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस घटनास्थल की पड़ताल करने के बाद लौट गई। इस बारे में एसओ का कहना है कि तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई करेंगे।
संभल (यूपी) के मोहल्ला सराय निवासी जाफिर (23) अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ कुंडेश्वरी रोड स्थित साईंधाम के पास किराए के मकान में रहता है। वह लाइट के बोर्ड आदि की आपूर्ति का काम करता है। पहले वह एक जगह नौकरी करता था, लेकिन अब खुद ही संभल से माल लाकर काशीपुर में सप्लाई करता है। जाफिर बृहस्पतिवार को शाम सात बजे माल लेने के लिए संभल गया था। घर पर उसकी पत्नी और तीन बच्चे थे। देर रात करीब पौने दो बजे एक नकाबपोश व्यक्ति उसके घर में घुस आया। उसने गहरी नींद में सो रही जाफिर की पत्नी को चादर में लपेटा और उसे उठाकर ले जाने लगा। इसी बीच महिला की नींद खुल गई और उसने शोर मचा दिया। चीख सुनकर पड़ोस में रहने वाले दो परिवार जाग गए और उन्हें आता देख बदमाश महिला को छोड़कर फरार हो गया।
शुक्रवार सुबह पीड़िता अपने पति को साथ लेकर आईटीआई थाने पहुंची, लेकिन थाना प्रभारी जसवीर सिंह ने मामला कुंडेश्वरी पुलिस चौकी क्षेत्र का बताते हुए उन्हें वहां सूचना देने की सलाह दी। इसके बाद दंपति वहां से चले गए। उधर, कुंडेश्वरी चौकी प्रभारी दिनेश फर्त्याल ने बताया कि पीड़िता अपने पति के साथ चौकी आई थी। मौके पर पुलिस कर्मियों को जांच के लिए भेजा गया था। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।