खटीमा में दहेज हत्या के एक मामले में पुलिस ने आरोपी ससुर, सास और जेठ का गिरफ्तार किया है। बता दें कि आठ माह पहले 18 दिन से लापता एक विवाहिता का सड़ा गला शव नाले से बरामद हुआ था।
बता दें कि दो अगस्त 2018 से लापता चकरपुर के पचौरिया निवासी नीरज पार्की की 23 वर्षीय पत्नी पिंकी का सड़ा गला शव 20 अगस्त को एक नाले में मिला था। पिंकी के भाई जीवन प्रसाद निवासी कुमौड़, पिथौरागढ़ ने खटीमा पुलिस को तहरीर सौंपकर दहेज हत्या का आरोप लगाया था। बताया था कि पिंकी का विवाह 22 नवंबर 2017 को हुआ था। दस अगस्त 2018 को ही पिथौरागढ़ के एसपी को मायके पक्ष ने पत्र सौंपकर हत्या की आशंका जताई थी। कई दिनों तक यह मामला सुर्खियों में बना रहा था। मामले की जांच सीओ कमला बिष्ट ने की। पुलिस ने गुमशुदगी को दहेज हत्या के आरोप में तरमीम किया था। इस मामले में पुलिस ने आरोपी पति नीरज पार्की को पूर्व में गिरफ्तार किया था। एसएसआई देवेंद्र गौरव ने बताया कि चकरपुर पुलिस चौकी इंचार्ज एसआई पंकज कुमार ने दहेज हत्या के आरोपी ससुर मोहन पार्की, सास राधा देवी, जेठ ललित पार्की को गिरफ्तार कर लिया है। जिन्हें कोर्ट में पेश किया जा रहा है।