काशीपुर में डेढ़ वर्ष पूर्व एक फैक्ट्री में काम करने वाला युवक बाजपुर रोड स्थित एक कालोनी में किराएदार था। तब उसके पास गृहस्वामिनी का मोबाइल नंबर था। बाद में वह नौकरी छोड़कर नोएडा चला गया। महिला का पति चंडीगढ़ में खेल अधिकारी है। युवक पर गृहस्वामिनी के व्हाट्स एप नंबर पर आपत्तिजनक संदेश भेजने का आरोप है। महिला ने कई बार अपना नंबर बदला लेकिन आरोपी उसका नंबर हासिल कर लेता था। महिला की शिकायत के बाद छह माह पूर्व पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया था, तब उसने माफी मांग ली थी। लेकिन इसके बाद भी उसने महिला को मेसेज भेजना नहीं छोड़ा। रविवार को महिला ने मिलने के बहाने उसे काशीपुर बुलाया, जहां पुलिस ने उसे धर दबोचा। आरोपी के लिखित माफी मांगने पर पुलिस ने उसे चेतावनी देकर छोड़ दिया।