काशीपुर के एक बैंक में तैनात ससुर पर फर्जी टीडी बनाकर देने का आरोप लगाते हुए दामाद ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। मोहल्ला गौतम नगर कृपाल आश्रम निवासी नितेश कुमार ने पुलिस को सौंपी तहरीर में कहा है कि उसकी शादी हसनपुर जिला जेपीनगर (अमरोहा) निवासी छोटे लाल की पुत्री प्रीति के साथ वर्ष 2012 में हुई थी। शादी के बाद उसकी पत्नी, ससुर और उसके साले राजकुमार ने दबाव बनाते हुए प्रीति के भविष्य के लिए गारंटी के रूप में उससे पांच लाख रुपये की एफडी कराई थी। यह रकम उसने अपने ससुर को दी थी जो कि प्रथमा बैंक शाखा डबारसी में प्रबंधक थे। बाद में उसके ससुर ने उक्त रकम की टीडी बना दी, जिस पर बैंक की मुहर और हस्ताक्षर भी थे। व्यापार के लिए आवश्यकता पड़ने पर जब उसने बैंक शाखा डबारसी में जाकर बात की तो पता चला कि उक्त टीडी फर्जी है। इस नंबर की कोई टीडी बैंक द्वारा जारी ही नहीं की गई है। नितेश ने पुलिस को अपनी पत्नी, ससुर और साले के खिलाफ धोखाधड़ी करने और षड्यंत्र के तहत फर्जी टीडी देने का आरोप लगाते हुए तहरीर सौंपी। पुलिस ने तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।