काशीपुर। कपड़ा व्यापारी ने एक व्यक्ति पर तीन लाख साठ हजार रुपये हड़पने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। तहरीर में स्टेशन रोड निवासी संजय कक्कड़ ने कहा कि काशीपुर अर्बन कोऑपरेटिव बैंक की बाजपुर रोड स्थित शाखा में उसकी 22 लाख रुपये की ऋण लिमिट है। एक व्यक्ति ने उससे तीन लाख रुपये उधार मांगे।
तीन जनवरी 2019 को उसने तीन लाख रुपये बैंक से निकालकर इरफान ओर रवि के सामने उसे दिए। इस रकम के बदले उसने इतनी ही राशि का चेक दिया। कहा कि यह चेक अगले एक माह में कैश हो जाएगा।
आरोप है कि उसने पंद्रह हजार रुपये जमा कर अपनी भांजी की शादी के लिए 75 हजार रुपये मूल्य का कपड़ा भी खरीद लिया। एक माह बाद उसने चेक कैश कराने को कहा तो उसने अपनी परेशानी बताते हुए चेक अगले माह लगाने का निवेदन किया। इस तरह वह उसे चार-पांच माह तक गुमराह करता रहा।
इसके चलते उसकी चेक जमा कराने की अवधि पूरी हो गई। संजय का कहना है कि 26 अप्रैल को दुकान में आग लगने से उसे लाखों का नुकसान हुआ है। उस पर बैंक की लिमिट का ब्याज भी बढ़ रहा है। उसने उक्त व्यक्ति से उधार ली गई रकम लौटाने को कहा तो वह अभद्रता पर उतर आया।
इस मामले को लेकर संजय अन्य व्यापारियों के साथ एसएसआई से मिले, जिस पर उन्हें जांच का आश्वासन दिया गया है। इस मौके पर जसपाल सिंह, राजीव परनामी, डॉ. एमए राहुल, गगन कांबोज, मधुप अग्रवाल आदि थे।