रुद्रपुर। नोटबंदी के खिलाफ आयोजित रैली में पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ अशब्द बोलने वाली कांग्रेस नेत्री ममता रानी की मुश्किलें बढ़ रही है। पुलिस ने ममता को कोतवाली में तलब कर बयान दर्ज किए।
नौ नवंबर को कांग्रेसियों ने रुद्रपुर में नोटबंदी के विरोध में रैली निकाली थी। रैली में कांग्रेस नेत्री ममता रानी ने नारेबाजी के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए अभद्र शब्दों का इस्तेमाल किया था, जिसका सोशल मीडिया में वीडियो वायरल हो गया था। भाजपा नेता और पूर्व सभासद दलीप अधिकारी ने रुद्रपुर कोतवाली में ममता रानी के खिलाफ तहरीर सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की। किच्छा के भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी किच्छा कोतवाली में तहरीर सौंपकर कार्रवाई की मांग की थी।
शुक्रवार को कोतवाली पुलिस ने ममता रानी को तलब कर बयान दर्ज किए। कोतवाल तुषार बोरा का कहना है कि ममता रानी के खिलाफ पीएम मोदी के लिए अभद्र भाषा का प्रयोग करने संबंधी तहरीर मिली थी। इसकी जांच के लिए ममता रानी को कोतवाली बुलाकर उनके बयान दर्ज किए।