काशीपुर। कुंडेश्वरी क्षेत्र के ग्राम गुलजारपुर में 14 वर्षीय किशोरी की हत्या कर दी गई है। उसके साथ दुष्कर्म की भी आशंका जताई जा रही है। किशोरी का शव गन्ने के खेत में मिला। परिवार वालों ने गांव के ही एक युवक पर हत्या का शक जताया है।
ग्राम गुलजारपुर निवासी किशोरी शनिवार शाम चार बजे घास काटने के लिए खेत पर गई थी। वहीं पास में काम कर रहे एक बंगाली व्यक्ति ने गन्ने के खेत से किशोरी के चीखने की आवाज सुनी तो उसे लगा कि तेंदुए ने हमला किया होगा। डर के मारे वह वहां से भाग गया। कुछ देर बाद वहां मौजूद बच्चों ने गन्ने के खेत से गांव के एक युवक को निकलते देखा। उन्होंने खेत में जाकर देखा तो वहां किशोरी का शव पड़ा था। मृतका की नाक से खून रिस रहा था। उन्होंने गांव जाकर मृतका के परिजनों को सूचित किया। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने गन्ने के खेत से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने गला दबाकर हत्या और दुष्कर्म की भी आशंका जताई है।
गन्ने के खेत में किशोरी की हत्या, दुष्कर्म का अंदेशा
गांव के एक युवक पर संदेह, शव पोस्टमार्टम को भेजा
संदिग्ध आरोपी परिवार समेत फरार
काशीपुर। किशोरी की हत्या करने के मामले में संदेह के दायरे में आया युवक सपरिवार गांव छोड़कर भाग गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। बताया गया है कि इस युवक से मृतका के परिजनों की पुरानी रंजिश है। आरोपी कई बार परिवार की एक युवती से भी छेड़छाड़ कर चुका था। इसको लेकर गांव में पंचायत भी हुई। यह भी पता चला है कि हत्या के मामले में संदेह के घेर में आया यह युवक जख्मी भी हुआ था और गांव में ही एक डॉक्टर के पास गया था। मृतका के परिजन उसी पर हत्या करने का शक जता रहे हैं। फिलहाल इस मामले में तहरीर नहीं दी गई है।
शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी कि उसकी हत्या किन परिस्थितियों में की गई है।
- राजेश भट्ट, सीओ काशीपुर।