जसपुर में चावल लदे ट्रक के अपने गंतव्य पर न पहुंचने पर ट्रांसपोर्ट स्वामी ने ट्रक चालक एवं उसके पुत्र के खिलाफ चावल चोरी का मुकदमा दर्ज कराया है।
पतरामपुर रोड स्थित सुखमनी रोड लाइन ट्रांसपोर्ट के स्वामी हरप्रीत हैप्पी ने कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। इसमें कहा कि शनिवार को ग्राम शरीफनगर थाना ठाकुरद्वारा निवासी रईसुददीन पुत्र मो. शफी ने अपने ट्रक में हनुमान राइस मिल से फिरोजपुर (पंजाब) आरएक्सजी एक्सपोर्ट प्रा.लि. के लिए 267 कट्टे चावल भरकर भेजा था। चावल की कीमत तीन लाख 61 हजार 251 रुपये है। बताते है कि चावल निश्चित स्थान पर न पहुंचने पर ट्रांसपोर्ट स्वामी ने चालक के मोबाइल पर संपर्क किया तो उसकी कॉल रिसीव नहीं हो पाई। तब उसने चालक के पुत्र के मोबाइल पर कॉल की तो चालक के पुत्र ने उसे धमकाते हुए उसके पिता को गायब करने का आरोप लगाया। कोतवाल अबुल कलाम ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।