सितारगंज में क्षेत्र के किच्छा हाईवे स्थित नया गांव में दिन दहाड़े गोली चलने से अफरातफरी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने वहां मौजूद ग्रामीणों से जानकारी जुटाई। बताया जा रहा है कि निजी स्कूल के प्रबंधक का बेटा सिसैया स्थित स्कूल में सीसीटीवी लगवाकर वापस आ रहा था। नया गांव के पास एक व्यक्ति ने उसे वहां रोक लिया। युवक के पिता ने पुलिस को बताया कि सिसैया के एक युवक ने उसके बेटे के साथ मारपीट की। जिसमें बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। इधर, दूसरे पक्ष ने पुलिस को बताया कि प्रबंधक के बेटे ने उन पर तमंचे से फायर किया है। जिसमें उसके हाथ में गोली लगी है। दोनों घायलों को रेफर किया गया है। एसएसआई मदन मोहन जोशी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पूरी तरह से संदिग्ध नजर आ रहा है। उन्होंने बताया कि मौके पर 312 बोर का एक तमंचा मिला है। बताया कि पुलिस जांच कर रही है। हालांकि मामले में तहरीर नहीं मिली है। जोशी ने बताया कि मामला भूमि से जुड़ा हुआ है।