काशीपुर में क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी युवती कुविवि से पीएचडी कर रही है। तीन साल पहले उसकी फेसबुक पर पुणे के युवक से बातचीत हुई। कुछ समय बाद युवक ने फेसबुक पर ही युवती को प्रपोज किया तो उसने भी तत्काल हामी भर दी। परिजनों की सहमति के बाद करीब दो वर्ष पूर्व पुणे (महाराष्ट्र) में दोनों की शादी करा दी गई। शादी के बाद युवती छह माह तक पुणे में पति के साथ रही इस दौरान उनके बीच मतभेद होने लगे। बाद में युवती पढ़ाई जारी रखने की बात कहकर काशीपुर लौट आई। युवती के अनुसार बीते कुछ माह से पति फेसबुक और व्हाट्स एप पर आपत्तिजनक संदेश भेजकर उसका चरित्र हनन कर रहा था। मामले में पीड़ित युवती ने कोतवाली में आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया। इस पर पुलिस आरोपी को पुणे से काशीपुर ले आई है। उधर, युवती ने महिला हेल्प लाइन में भी दहेज के लिए प्रताड़ित करने के आरोप लगाते हुए पति के खिलाफ शिकायती पत्र दिया है। जिसमें शनिवार (आज) को कांउसलिंग होनी है। एसएसआई बीके बिष्ट ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच काउंसलिंग होने के बाद मुकदमे में आगे की कार्रवाई की जाएगी।