जसपुर में छह माह पूर्व सड़क दुर्घटना में हुई युवक की मौत के मामले में सीबीसीआईडी ने जांच शुरू की है। जांच अधिकारियों ने कोतवाली पहुंचकर छह से अधिक ग्रामीणों के बयान दर्ज किए हैं। ग्राम राजपुर निवासी मोहम्मद रफी पुत्र मोहम्मद अली की 27 अक्तूबर 2017 को गांव से कुछ दूरी पर फीका नदी के पुल के पास सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। वह भट्टे पर मजदूरी करता था। 21 दिसंबर 2017 को मृतक की पत्नी उजमा ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मृतक की मां आबिदा ने पुलिस को उसकी पत्नी के चरित्र पर शक करते हुए उसके द्वारा तीन लोगों से हत्या कराए जाने का आरोप लगाकर पुलिस को तहरीर सौंपी थी। कोई कार्रवाई न होने पर आबिदा ने उच्च न्यायालय में याचिका दायर कर किसी अन्य एजेंसी से जांच कराए जाने की मांग की थी। उच्च न्यायालय के आदेश पर जांच सीबीसीआईडी को सौंपी गई थी। सोमवार को सीबीसीआईडी निरीक्षक चंदन सिंह बिष्ट ने बताया कि वह उच्च न्यायालय के आदेश पर इस मामले की जांच कर रहे हैं। उन्होंने छह से अधिक लोगों को कोतवाली बुलाकर उनके बयान दर्ज किए हैं।