सितारगंज। सीएचसी में सामान्य प्रसव के बाद प्रसूता की मौत के मामले में पुलिस ने मंगलवार को महिला के पति समेत सास- ससुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं, नामजद आरोपी कंचन एवं आरती (ननदें) पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं।
बता दें कि मृतका के भाई अमृतलाल की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत ससुराल के पांच लोगों के खिलाफ धारा 304 बी दहेज हत्या के तहत मुकदमा दर्ज किया था। मामले में पुलिस ने महिला के पति हीरा लाल, सास सोमवती एवं ससुर महेंद्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मृतका के भाई ने तहरीर में बताया था कि ससुराल के लोग आए दिन उसकी बहन को दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। सीओ सुरजीत सिंह ने बताया कि फरार दो आरोपियों की तलाश की जा रही है। मृतका के भाई अमृतलाल ने बताया कि उनकी बड़ी बहन पिंकी नवजात बच्ची को अपने साथ घर ले जाएगी। उनकी बहन लुधियाना में रहती है तथा उसके दो पुत्र हैं।