काशीपुर में पुलिस ने फर्जी हस्ताक्षरित चेक देकर धोखाधड़ी करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में एक व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
बता दें कि मोहल्ला कटोराताल निवासी जिम्मी बाठला ने पुलिस को तहरीर देकर कहा था कि पोस्टऑफिस रोड पर उसकी मोबाइल की जबकि रतन रोड पर उसके दोस्त आशीष कुमार की भी मोबाइल दुकान है। करीब पांच माह पूर्व आशीष ने उससे डेढ़ लाख रुपये उधार लिए और दो महीने में रकम वापस देने का भरोसा दिया था। लेकिन उक्त समय अवधि बीतने के बाद भी उसने रकम नहीं लौटाई। रकम मांगने पर पांच सितंबर 2018 को आशीष ने डेढ़ लाख रुपये का चेक दिया। जिम्मी ने कहा कि जब उसने 26 नवंबर 2018 को बैंक में चेक लगाया तो चेक बाउंस हो गया। उसने जब आशीष से संपर्क किया तो पता चला कि आशीष मदान ने उसे जानबूझकर गलत चेक दिया था। आरोप लगाया कि रुपये मांगने पर आशीष ने गालीगलौज कर जाने से मारने की धमकी भी दी। रविवार को पुलिस ने आशीष के खिलाफ धारा 420, 504 व 506 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया।