रोडवेज बस के पहिए के ढीले नट बोल्ट।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। आगरा जा रही रोडवेज बस में चालक की सूझबूझ से दुर्घटना बच गई। टायर के नट-बोल्ट ढीले होने का पता चलने पर बस को वापस रुद्रपुर डिपो लाया गया। बस में 55 यात्री सवार थे। सभी यात्री दूसरी बस से रवाना हुए।
रुद्रपुर डिपो की बस शुक्रवार सुबह साढ़े सात बजे आगरा के लिए रवाना हुई थी। बस में चालक उमेश पाल और परिचालक अमित सैनी के साथ 55 यात्री सवार हुए। बरेली पहुंचने पर लोगों ने चालक को बताया कि बस के पिछले पहिये के कई नट-बोल्ट ढीले हैं। आनन-फानन सभी यात्रियों को बस से उतारा गया। परिचालक ने किराए के रुपये वापस किए। पहियों के स्टड पूरी तरह से बेकार हो गए थे। किसी तरह चालक-परिचालक खाली बस वापस लेकर रुद्रपुर पहुंचे और अधिकारियों को सूचित किया। रुद्रपुर डिपो के एआरएम राकेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
नट-बोल्ट कसे बिना लगा दिया पहिया
रुद्रपुर। आगरा के लिए जाने वाली बस की मरम्मत बृहस्पतिवार को कार्यशाला में हुई थी। बस के पिछले और अगले टायर को बदला गया था। अब सवाल उठता है कि बस को किस तरह जांच करके पास कर दिया गया। संवाद