रुद्रपुर में चोरी के बाद घटनास्थल पर चंदन का पेड़।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। खेड़ा में देर रात तृतीय अपर सीनियर सिविल जज के आवासीय परिसर से चोरों ने चंदन के पेड़ की लकड़ी काट ली। चोर स्कूटी में सवार होकर परिसर के अंदर पहुंचे थे। सूचना पर सीओ सिटी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लेने के बाद अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की।
खेड़ा स्थित तृतीय अपर सीनियर सिविल जज के बंगले के अंदर रविवार देर रात करीब तीन बजे स्कूटी सवार कुछ चोर पहुंच गए। न्यायालय के नाजिर आशीष श्रीवास्तव ने पुलिस को बताया कि बंगले के अंदर चंदन का पेड़ लगा था। स्कूटी सवार चोर पेड़ की एक टहनी को काट कर ले जाने लगे। इसी दौरान किसी ने शोर मचाया तो चोर स्कूटी छोड़कर वहां से फरार हो गए।
सूचना पर रात में ही रम्पुरा पुलिस और सीओ सिटी आशीष भारद्वाज मौके पर पहुंचे। पुलिस ने चोरों की स्कूटी और भागने के दौरान गिरी चंदन की कुछ लकड़ी को जब्त कर लिया है जबकि लकड़ी का कुछ हिस्सा चोर अपने साथ ले गए हैं। कटे हुए पेड़ को देखकर ऐसा लग रहा है कि चोर पूरी प्लानिंग से अपने साथ इलेक्ट्रॉनिक कटर लेकर आए थे। सीओ सिटी आशीष भारद्वाज का कहना है कि नाजिर की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
बंगले के बाहर बना है आरक्षी का बैरक, उठे सवाल
रुद्रपुर। खेड़ा में तृतीय अपर सीनियर सिविल जज के बंगले के बाहर आरक्षी का बैरक बना हुआ है। वहां पर बाकायदा उत्तराखंड पुलिस का एक सिपाही तैनात रहता है। रविवार रात को भी सिपाही की वहां पर ड्यूटी लगी थी। अब सवाल उठ रहा है कि आखिर सिपाही के तैनात रहते हुए चोर अंदर कैसे घुसे और वारदात को अंजाम देकर कैसे भाग गए। एसपी सिटी मनोज कत्याल का कहना है कि सिपाही की रिपोर्ट एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी को भेजी जा रही है और उससे ड्यूटी में लापरवाही करने का स्पष्टीकरण भी मांगा जाएगा। संवाद