फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राजकुमार बनकर प्रेमजाल में फंसाने वाला शाहरुख गिरफ्तार

विज्ञापन
रुद्रपुर कोतवाली में घटना का खुलासा करते एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी। संवाद - फोटो : RUDRAPUR
विज्ञापन
रुद्रपुर। राजकुमार बनकर युवती को प्रेमजाल में फंसाने वाले शाहरुख को बृहस्पतिवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी युवक पहले से ही शादीशुदा है। वह इससे पहले भी कई युवतियों को फंसा चुका है।
विज्ञापन

बृहस्पतिवार को रुद्रपुर कोतवाली में मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि गदरपुर क्षेत्र निवासी एक युवती के घर में करीब एक वर्ष पूर्व शाहरुख नाम का युवक सीसीटीवी लगाने गया था। उस समय शाहरुख ने अपना नाम राजकुमार व स्वयं को सॉफ्टवेयर इंजीनियर बताया था। उसने युवती के घर में लगाए सीसीटीवी का कनेक्शन भी अपने मोबाइल में कर लिया था। इसके बाद धीरे-धीरे शाहरुख ने युवती को अपने प्रेमजाल में फंसा लिया और वह मोबाइल पर युवती से बातें करने लगा।
जब कुछ दिन बाद युवती को मालूम चला कि राजकुमार का असली नाम शाहरुख है तो वह सन्न रह गई। युवती ने उससे बात करना बंद कर दिया। इसके बाद शाहरुख युवती का मानसिक उत्पीड़न करने लगा और जान से मारने की धमकी देने लगा। शाहरुख युवती को कई अलग-अलग नंबरों से फोन कर परेशान कर रहा था।
विज्ञापन

एसएसपी ने बताया कि बुधवार को शाहरुख ने युवती को शहर के गाबा चौक पर मिलने के लिए बुलाया था। वहां शाहरुख ने युवती के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी और अभद्र व्यवहार करने लगा। किसी तरह युवती वहां से भागकर कोतवाली पहुंची और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शाहरुख की गिरफ्तारी के लिए दबिश देनी शुरू की। एसएसपी ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह शाहरुख को काशीपुर रोड से गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके विरुद्ध आईपीसी की धारा 153, 323, 354, 417, 420, 504, 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर किया गया है।
युवती को फोन पर ब्रिटेन से मिली धमकी
रुद्रपुर। मामले का खुलासा करने के दौरान एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि बुधवार शाम को जब युवती ने शाहरुख के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी तो उसके बाद से युवती के फोन पर विदेश से कॉल आने लगी। कॉल करने वाले ने युवती को पुलिस में शिकायत न करने की धमकी दी। छानबीन के बाद मालूम चला कि कॉल का कोड ब्रिटेन (इंग्लैंड) का है। संवाद
शाहरुख के अंतराराष्ट्रीय गिरोह से संपर्क होने की आशंका
रुद्रपुर। शाहरुख ने जिस तरह फर्जी आधार कार्ड दिखाकर पेशेवर ढंग से युवती को अपने चंगुल में फंसाया और उससे शादी करने की फिराक में था उससे पुलिस को शाहरुख के अंतरराष्ट्रीय गिरोह से संपर्क होने की आशंका है। युवती ने पुलिस को दी तहरीर में भी कहा है कि शाहरुख इससे पहले भी कई लड़कियों से झूठ बोलकर संबंध बना चुका है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी का कहना है कि इस मामले की जांच की जा रही है। इसके साथ ही यदि अंतरराष्ट्रीय गिरोह से आरोपी को रुपये की फंडिंग हो रही है तो इस मामले की जांच भी की जाएगी। संवाद
युवती से विवाह करने के लिए पत्नी को छोड़ने की फिराक में था शाहरुख
रुद्रपुर। एसएसपी ने बताया कि शाहरुख शादीशुदा है। वह युवती से शादी करने के लिए अपनी पत्नी को छोड़ने के लिए भी तैयार था जबकि युवती उसके साथ बिल्कुल भी संबंध नहीं रखना चाहती थी। संवाद
घर में सीसीटीवी लगवाते समय बरतें सावधानी
रुद्रपुर। आज के दौर में स्वयं व सामान की सुरक्षा करने के लिए अधिकतर लोग अपने घरों में सीसीटीवी लगवाते हैं लेकिन सीसीटीवी लगवाने से पहले लोगों को उससे जुड़े नियम पता होने चाहिए अन्यथा कोई आपकी गोपनीयता भंग कर आपको ब्लैकमेल कर सकता है। इसके अलावा तमाम तरह के आरोप भी लग सकते हैं। सीसीटीवी कैमरे लगाने समय जो मैकेनिक आते हैं उनसे कैमरे लगवाने के बाद आपको जो पासवर्ड और आईडी मिलती है उसे तुरंत बदलकर आप अपने हिसाब से नया पासवर्ड और आईडी बना लें। एक निश्चित अंतराल के बाद पासवर्ड को बदलते रहें। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने भी इस मामले में लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें