पुलिस हिरासत में मुकेश के हत्यारोपी। संवाद
- फोटो : KASHIPUR
काशीपुर। पुलिस ने सोमवार को मुकेश हत्याकांड का खुलासा कर उसके तीन दोस्तों को गिरफ्तार कर लिया। चंद पैसों के लालच में दोस्तों ने ही घटना को अंजाम दिया था। आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू और सरिया बरामद हो गया है। आरोपियों को जेल भेज दिया गया।
पांच फरवरी को मुरादाबाद के मछरिया निवासी मंगल सिंह ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसका भाई मुकेश काशीपुर के चांदपुर सैनिक कॉलोनी आया था। इसके बाद 29 जनवरी से उसका फोन बंद आ रहा है। चार फरवरी को मंगल अपने मामा विजय कुमार के साथ चांदपुर सैनिक कॉलोनी आया तो देखा कि उसके भाई का शव बेड के अंदर सड़ी-गली हालत में पड़ा हुआ है।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी को खंगाला। एसपी अभय सिंह ने सोमवार को कोतवाली में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि घटना वाले दिन मुकेश कुमार के साथ उसके दोस्त प्रतापपुर निवासी गौतम वाल्मीकि, हनुमान कॉलोनी निवासी रवि उर्फ गोगली, सैनिक कॉलोनी निवासी दीपक ने एक साथ बैठकर उसी के घर में शराब पी। इस दौरान मुकेश ने उनको बताया कि उसके पास पैसे हैं। वह कुछ दिन पहले ही बैंक से निकाल कर लाया है। इसी बात को सुनकर गौतम, रवि और दीपक तीनों के मन में लालच आ गया। उन्होंने उसको बहुत ज्यादा शराब पिला दी जिसके बाद मुकेश सो गया।
इस दौरान दीपक ने उसके सिर पर सरिए से हमला कर घायल कर दिया। इसके बाद तीनों ने चाकू से उसकी गर्दन पर वार कर उसको मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद जब उन्होंने उसकी तलाशी ली तो उसकी जेब में मात्र 1500 रुपये मिले। पैसे कम मिलने के चलते घटना के चार दिन बाद मृतक की बाइक भी बेचने के लिए ले गए। बाइक बेचने के प्रयास करने के दौरान पुलिस ने तीनों को प्रतापपुर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से चाकू, सरिया, मृतक की बाइक और उसका मोबाइल फोन बरामद किया है। एसएसपी ने पुलिस टीम को ढाई हजार इनाम देने की घोषणा की है।