काशीपुर। महल सिंह हत्याकांड के आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ कुर्की नोटिस के लिए पुलिस की ओर से कोर्ट में आवेदन किया गया है। इस पर सुनवाई आगामी 14 नवंबर को होगी। पुलिस ने शूटरों को रिमांड पर लाने के लिए भी पटियाला जेल में वारंट बी दाखिल कर दिया है। काशीपुर पुलिस इन शूटरों को भी पीसीआर पर लेने की तैयारी कर रही है।
ग्राम जुड़का निवासी पूर्व ग्राम प्रधान महल सिंह (64) की बीती 13 अक्तूबर को उनके घर पर गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के भतीजे कर्मपाल सिंह एड ने कनाडा में रह रहे हरजीत सिंह उर्फ काले के खिलाफ केस दर्ज कराया है। काशीपुर पुलिस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। 29 अक्तूबर को पंजाब पुलिस ने एक संयुक्त आपरेशन में दविंदर बंबीहा गैंग के दो शूटरों समेत चार लोगों पंजाब के जिला मानसा निवासी साधु सिंह, जगदीश सिंह उर्फ दिशा, मनप्रीत सिंह उर्फ मणि उर्फ चुची और जसप्रीत सिंह उर्फ लॉक को गिरफ्तार किया था।
पूछताछ में दोनों शूटरों साधु सिंह और मनप्रीत सिंह ने सुखदूल सिंह उर्फ सुखा और अर्शदीप के इशारे पर महल सिंह की हत्या करने की बात कबूली थी। दोनों शूटरों आरोपियों साधु व मंजीत के खिलाफ पंजाब की पटियाला जेल में बी वारंट दाखिल कर दिए हैं। पुलिस ने महल हत्याकांड का ताना बाना बुनने के आरोपी हरजीत सिंह काला और उसके पुत्र तनवीर के खिलाफ धारा 82 के तहत कुर्की नोटिस के लिए कोर्ट में आवेदन किया है। इस पर सुनवाई आगामी 14 नवंबर को होगी।