काशीपुर। बाजपुर रोड पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज की सर्विस रोड पर बिजली पोल खड़ा होने से यातायात प्रभावित हो रहा है। इससे काशीपुर डिपो की बसों को पटेलनगर होकर गुजरना पड़ रहा है। डिपो के एआरएम ने बिजली विभाग केे ईई को पत्र लिखकर वहां से पोल शिफ्ट कराने की मांग की है।
काशीपुर में बाजपुर रोड पर आरओबी का निर्माण कार्य चल रहा है। कार्यदायी संस्था ने सड़क किनारे खड़े बिजली पोल नाली के अंदर शिफ्ट कराने के लिए ऊर्जा निगम में इस्टीमेट जमा कराया था। निगम ने बाजपुर मार्ग के सर्विस रोड पर लगे करीब 18 बिजली पोल वहां से हटाकर नाली के अंदर शिफ्ट कर दिए हैं लेकिन बाजपुर रोड पर लगा पोल अभी शिफ्ट नहीं हो सका है। इससे बाजपुर रोड पर सर्विस रोड की दायीं ओर की सड़क पर यातायात प्रभावित हो रहा है। इसके चलते सर्विस रोड पर चारपहिया वाहन गुजरने से दिक्कत हो रही है।
इस पोल के कारण रोडवेज बसें भी काशीपुर डिपो में नहीं पहुंच पा रही हैं। इन बसों को पटेलनगर कॉलोनी होकर गुजरना पड़ रहा है। रेलवे क्रासिंग के पास बसों को मोड़ने में दिक्कतें आ रही हैं। वहीं रास्ते की सुविधा न होने के कारण बाहरी डिपो की अधिकतर बसें बाईपास से होकर जा रही हैं। काशीपुर डिपो के एआरएम ने रोडवेज बसों के सुलभ संचालन के लिए ऊर्जा निगम के ईई को पत्र लिखकर रास्ते में खड़े बिजली पोल को शिफ्ट करने की मांग की है। ऊर्जा निगम के सहायक अभियंता सुनील बिष्ट ने बताया कि पोल शिफ्ट करने का इस्टीमेट तैयार कर लिया गया है। जल्द ही इस पोल को भी शिफ्ट कर दिया जाएगा।